खबर है कि जैकपॉट अभिनेता सचिन जोशी को मुंबई हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया है। एक रिपोर्ट के अनुसार साल 2011 में हिंदी फिल्म अजान के साथ करियर की शुरुआत करने वाले अभिनेता को सोमवार रात मुंबई हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया। उन्हें हैदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि वह दुबई से वापस आ रहे थे। जानकारी के मुताबिक उनके करीबी ने ये भी बताया कि हैदराबाद पुलिस गिरफ्तारी के तुरंत बाद ही उन्हें हैदराबाद ले गई। सचिन की गिरफ्तारी किस मामले में हुई है इस बात की जानकारी फिलहाल नहीं मिल पाई है। माना जा रहा है कि ड्रग्स केस में सचिन का नाम शामिल हो सकता है।
सचिन जोशी फिल्म जगत का जाना माना नाम है। वह तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर चेहरों में से एक हैं और उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2002 की तेलुगु फिल्म Mounamelanoyi से की थी।
सचिन जोशी गुटखा किंग जगदीश जोशी के बेटे हैं जिनका नाम सीबीआई की चार साल पहले दायर चार्जशीट में भी शामिल है। सीबीआई की चार्जशीट में कहा गया है कि जगदीश जोशी और माणिकचंद गुटखा चलाने वाले रसिकलाल धारीवाल ने अपने मामले सुलझाने के लिए अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की मदद ली।
सचिन जोशी इससे पहले उस वक्त सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने 2017 की बैंक नीलामी में विजय माल्या की गोवा स्थित किंगफिशर विला को 73 करोड़ रुपये में खरीदा था।