धनतेरस के दिन इस शुक्रवार को रिलीज हो रही फिल्मों मेड इन चाइना, हाउसफुल 4 और सांड की आंख के बीच हो रहे त्रिकोणीय मुकाबले में निर्देशक तुषार हीरानंदानी की फिल्म सांड की आंख अच्छी कहानियां पसंद करने वाले दर्शकों की मोस्ट फेवरिट फिल्म बन चुकी है। इस फिल्म को लेकर इसकी निर्माता कंपनी रिलायंस एंटरटेनमेंट काफी उत्साहित है और इसीलिए फिल्म की रिलीज से पहले इसके एक के बाद एक कई शोज मुंबई में किए जा रहे हैं।
फिल्म सांड की आंख मामी फिल्म फेस्टिवल की इस साल की समापन फिल्म है। इस फेस्टिवल में ये फिल्म 25 अक्टूबर को दिखाई जाएगी लेकिन इसके पहले ही रिलायंस एंटरटेनमेंट ने इस फिल्म को उन तमाम लोगों को दिखाने का फैसला किया है जिनके कहे का सिनेमा के कारोबार पर असर होता है। फिल्म के रविवार से लेकर बुधवार तक कई शोज मुंबई में आयोजित किए गए हैं।
तापसी पन्नू, भूमि पेडनेकर, विनीत सिंह और प्रकाश झा स्टारर ये फिल्म पश्चिमी उत्तर प्रदेस की दो बुजुर्ग शूटर्स चंदो तोमर और प्रकाशी तोमर की कहानी है। इन दोनों महिलाओं ने अपने परिवार की बेटियों को निशानेबाजी सिखाने की पहल की और एक दिन खुद ही दुनिया की मशहूर शूटर्स बन गईं।