देश में कोरोना की स्थिति से हर कोई वाकिफ है और मनोरंजन जगत भी इससे अछूता नहीं है। आए दिन फिल्मी सितारों से लेकर टीवी कलाकारों तक के कोरोना संक्रमित होने की खबर सामने आ रही है। हाल ही में छोटे पर्दे की मशहूर अदाकारा और बिग बॉस 14 विजेता रुबीना दिलैक ने भी अपने कोरोना संक्रमित होने की जानकारी साझा की थी। अब उन्होंने बताया है उनके पति और अभिनेता अभिनव शुक्ला को इस बात की जानकारी नहीं है।
रुबीना दिलैक ने बताया कि, 'अभिनव पंजाब से मुंबई लौट रहे हैं। उन्हें अभी नहीं पता है कि मैं कोरोना पॉजिटिव हो चुकी हूं। वो जब यहां आ जाएंगे तब मैं उन्हें बताऊंगी कि मैं वायरस की चपेट में आ गई हूं'। बता दें कि शनिवार को ही रुबीना ने इंस्टाग्राम पर इस बात की जानकारी दी कि वो कोरोना संक्रमित हो गई हैं।
रुबीना ने बताया कि, 'अभिनव किसी जरूरी काम के चलते पंजाब में हैं। उन्हें ये पता था कि मेरी तबीयत ठीक नहीं है, लेकिन वो ये नहीं जानते कि मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वो मेरे लिए ही मुंबई वापस आ रहे हैं। जैसे ही वो फ्लाइट से उतरेंगे मैं उन्हें बता दूंगी कि मुझे कोरोना हो गया है। मैंने खुद को होम क्वारंटीन कर दिया है। मैं घर पर हूं और इससे ही मुझे ताकत मिल रही है'।
बता दें कि रुबीना ने जब अपने कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी तो उनके फैंस की चिंता बढ़ गई। फैंस जानना चाह रहे कि रुबीना कोरोना संक्रमित कैसे हुईं। हालांकि यह साफ नहीं हुआ है कि वह इस वायरस की चपेट में कैसे आईं लेकिन उन्होंने अपनी पोस्ट में एक सकारात्मक मैसेज लिखा है। उन्होंने लिखा, 'मैं हमेशा पॉजिटिविटी की ओर ध्यान देती हूं और सकारात्मक ही सोचती हूं। अब एक महीने बाद मैं प्लाज्मा डोनेट कर सकूंगी। कोरोना संक्रमित हो गई हूं, 17 दिनों तक घर पर ही खुद को क्वारंटीन कर लिया है। बीते दिनों जो भी मेरे संपर्क में आया है वो अपनी जांच करवा लें।'