फिल्म निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर पर हुई गोलीबारी मामले में अब बड़ा एक्शन हुआ है। इसमें छह अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच के अनुसार, आरोपियों को राजस्थान में पकड़ा गया और उन्हें मुंबई लाया जा रहा है। इस मामले में अब तक कुल 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
दीपक शर्मा समेत पांच लोगों को किया गया गिरफ्तार
इस बारे में जानकारी देते हुए मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शहर पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने रविवार रात हरियाणा और राजस्थान से कथित शूटर दीपक शर्मा और इस मामले में शामिल पांच अन्य लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों को शहर लाया गया है। इन गिरफ्तारियों के साथ पुलिस ने अब तक इस मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने बताया कि अपराध शाखा ने आदित्य गायकी (19), सिद्धार्थ येनपुरे (20), समर्थ पोमाजी (18), स्वप्निल सकत (23) और आसाराम फासले को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने कथित तौर पर शूटर को स्कूटर, अन्य सामान और हथियार मुहैया कराए थे।
बिश्नोई गैंग के आदमी ने ली है हमले की जिम्मेदारी, पुलिस ने लगाई मकोका
- अधिकारी ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि बताया कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य शुभम लोनकर ने गोलीबारी की जिम्मेदारी ली है।
- लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य शुभम लोनकर इस मामले में वांछित आरोपियों में शामिल है।
- उसने कथित तौर पर सोशल मीडिया पोस्ट में शेट्टी के आवास पर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी ली है।
- शुभम लोनकर एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड और बांद्रा स्थित बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के आवास पर हुई गोलीबारी के मामले में भी वांछित है।
- पुलिस ने इस मामले में मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) की कड़ी धारा लगाई है।
1 फरवरी को हुई थी गोलीबारी
1 फरवरी को रात 12:45 बजे जुहू इलाके में शेट्टी की नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर कम से कम पांच गोलियां चलाई गईं। एक गोली इमारत के अंदर स्थित जिम के शीशे को लगी थी।