'सूर्यवंशी' अगले साल 27 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। रिलायंस एंटरटेनमेंट के यू ट्यूब चैनल पर इससे जुड़ा एक वीडियो भी साझा किया गया है, जिसकी शुरुआत 'सिंबा' के कुछ सीन्स से होती है। वीडियो की शुरुआत में लिखा गया है, 'हम गर्व से 'सिंबा' के एक साल होने का जश्न मनाते हैं।' जिसके बाद फिल्म 'सिंघम' से अजय देवगन का सीन और आखिरी में 'सूर्यवंशी' की झलक दिखाई देती है। वीडियो के अंतिम हिस्से में अजय देवगन, रणवीर सिंह और अक्षय कुमार पुलिस वर्दी में एक साथ गोलियों की बौछार करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो के अंत में संदेश दिया गया है, 'आ रही है पुलिस...27 मार्च 2020 को।'
गौरतलब है कि 'सिंघम', 'सिंबा' और 'सूर्यवंशी' की तिकड़ी के एक साथ आने से मेकर्स द्वारा यह दावा किया जा रहा है कि 'सूर्यवंशी' में फन, एक्शन और एंटरटेनमेंट का स्तर तीन गुना अधिक मिलेगा। रोहित शेट्टी की पुलिस यूनिवर्स की यह चौथी फिल्म होगी। जिसे अब तक के हिंदी सिनेमा जगत की सबसे महंगी पुलिस फिल्म भी बताया जा रहा है। इस फिल्म में अक्षय कुमार के अपोजिट कैटरीना कैफ होंगी। वहीं अजय देवगन और रणवीर सिंह का कैमियो होगा।