'मस्ती', 'क्या कूल हैं हम', 'ग्रैंड मस्ती' सरीखी फिल्मों का हिस्सा रह चुके अभिनेता रितेश देशमुख का कहना हैं कि एडल्ट कॉमेडी ऐसी शैली है जो बहुत पहले से चली आ रही है। 37 वर्षीय अभिनेता ने अपने 13 साल के करियर में तकरीबन 34 फिल्में की हैं जिनमें अधिकतर कॉमेडी फिल्में हैं और इन दिनों वो अपनी आगामी फिल्म 'हाउसफुल 3' के प्रमोशन में व्यस्त हैं।
कई एडल्ट कॉमेडी फिल्मों का हिस्सा रह चुके रितेश 'एडल्ट कॉमेडी' फिल्म्स के बारे में मानते हैं, 'नुक्कड पर खेले जाने वाले तमाशों में भी ये होता था।'' अपनी बात को आगे बढाते हुए कहते हैं, ''यह बस एक हास्य का माध्यम है। फिल्मों में डबल मीनिंग जोक्स तो रहते ही हैं, लेकिन जब ये जोक्स सिरीज में बन जाते हैं, तो एडल्ट कॉमेडी फिल्म कहलाती है।''
रितेश का मानना है कि हॉलीवुड फिल्में बॉलीवुड फिल्मों के लिए बडा खतरा हैं। वो कहते हैं,''अगर हॉलीवुड फिल्में क्षेत्रीय भाषा में डब होकर रिलीज होती हैं, तो क्षेत्रीय और हिंदी फिल्मों के लिए स्क्रीन की कमी हो सकती है। हमें भारत की फिल्म इंडस्ट्री को बचाने की जरूरत है।'