सोमवार को बीजेपी नेता रविंद्र चव्हाण ने एक विवादित टिप्पणी दिवंगत विलासराव देशमुख को लेकर की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इस दिग्गज नेता की यादें उनके गृहनगर लातूर से मिटा दी जाएंगी। इस टिप्पणी को लेकर रितेश देशमुख ने अब चुप्पी तोड़ी है।
पीटीआई की खबर के अनुसार रितेश देशमुख ने रविंद्र चव्हाण की टिप्पणी पर कहा, ‘मैं हाथ जोड़कर कहता हूं कि जो लोग (विलासराव देशमुख) आम लोगों के लिए जिए। उनका नाम लोगों के दिलों में बस जाता है। याद रखिए, जो चीज कहीं लिखी होती है, उसे मिटाया जा सकता है। लेकिन जो नाम दिल में बस गया हो, उसे आप मिटा नहीं सकते।’
रितेश की टिप्पणी के बाद मांगी माफी
अपने दिवंगत पिता को लेकर की गई टिप्पणी पर रितेश देशमुख की प्रतिक्रिया के बाद भाजपा नेता ने माफी मांगी है। उन्होंने कहा, 'मेरी टिप्पणी राजनीतिक मकसद से नहीं थी।अगर इससे दिवंगत नेता के बेटे की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वह उनसे माफी मांगते हैं'।
रविंद्र चव्हाण ने क्या टिप्पणी की थी?
सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रविंद्र चव्हाण ने कहा था, ‘आपका उत्साह देखकर मैं कह सकता हूं 100 प्रतिशत कि विलासराव देशमुख की यादें इस शहर (लातूर) से मिटा दी जाएंगी।’ इस टिप्पणी पर कांग्रेस पार्टी ने कड़ी आलोचना की। बीजेपी पर एक ऐसे नेता के योगदान को कम करने की कोशिश करने का आरोप लगाया, जिसने अपना जीवन महाराष्ट्र के विकास के लिए समर्पित कर दिया था। कांग्रेस पार्टी ने कहा कि ऐसे बयान सत्ता के अहंकार और विलासराव देशमुख की विरासत के बारे में अज्ञानता को दर्शाते हैं।
ये खबर भी पढ़ें: क्या रियलिटी शो में साथ नजर आएंगे रितेश देशमुख और जेनेलिया? अभिनेता का खुलासा; बोले- 'अगर बजट होगा तो...'
रितेश देशमुख के अपकमिंग प्रोजेक्ट
पिछले साल रितेश देशमुख फिल्म ‘हाउसफुल 5’ में नजर आए थे। अब वह एक फिल्म ‘राजा शिवाजी’ को निर्देशित कर रहे हैं। इस फिल्म में संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, जेनेलिया देशमुख, महेश मांजरेकर और फरदीन खान और भाग्यश्री जैसे कलाकार हैं। यह फिल्म इस साल मई महीने में रिलीज होगी।