फिल्म 'द व्हाइट टाइगर', 'खो गए हम कहां' और 'तू या मैं' में अपनी एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीतने वाले अभिनेता आदर्श गौरव अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। खबर है कि अभिनेता का अपनी लॉन्गटाइम पार्टनर राधिका कोलगांवकर से ब्रेकअप हो गया है। जानिए क्या है पूरा मामला।
जुलाई में हुआ था आदर्श और राधिका का ब्रेकअप
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आदर्श गौरव और मुंबई की ग्राफिक डिजाइनर राधिका कोलगांवकर इसी साल जुलाई में अलग हो गए थे। हालांकि, दोनों ने अपने रिश्ते को बचाने की कोशिश भी की। उन्होंने आपसी मतभेद दूर करके एक बार फिर अपने रिश्ते को मौका देने का फैसला किया, लेकिन बात नहीं बन पाई।
पोर्टल से बातचीत में एक सूत्र ने बताया, 'दोनों ने अपने रिश्ते को बचाने और उसे बेहतर बनाने की कोशिश की, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। उनके अलग होने की वजहें काफी निजी हैं।'
रिपोर्ट के मुताबिक, आदर्श और राधिका दोनों ने इस फैसले को स्वीकार कर लिया है और अब अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ रहे हैं।