शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म 'जीरो' को रिलीज होने में महज 2 दिन का ही समय बाकी है। इस बीच मामले में रेड चिलीज ने बॉम्बे हाई कोर्ट में हलफनामा दायर करते हुए कहा कि फिल्म के जिस सीन पर विवाद है उसमें शाहरुख के किरदार को अपनी शादी के लिए तैयार होते हुए दिखाया गया है और कॉस्ट्यूम के साथ एक आभूषण के तौर पर कटार को इस्तेमाल किया गया है, जिसे कई समुदायों में इस्तेमाल भी किया जाता है।
बता दें कोर्ट की ओर से जीरो के मेकर्स को निर्देश दिया गया था कि कि वे पिटीशन के संदर्भ में एफिडेविट दाखिल करें। इसके वाद रेड चिलीज ने अब उस सीन को हटाने का फैसला कर लिया है। प्रॉडक्शन हाउस ने कहा, 'विवादित सीन में कटार का इस्तेमाल किए जाने के बावजूद उस सीन को बदलने का फैसला किया गया है। जिन सीन्स पर विवाद है, उन्हें विजुअल इफ्केट्स के जरिए बदल दिया गया है।'
दरअसल, फिल्म के पोस्टर और ट्रेलर के एक सीन में निकर और बनियान पहने शाहरुख नोटो के हार के साथ गले में कृपाण पहने हुए दिखाई दे रहे हैं। सिख समुदाय इसे अपने धार्मिक प्रतीक का अपमान बता रहा है। बता दें इससे पहले भी मेकर्स ने बयान जारी कर विवाद को शांत करने की कोशिश की थी। मेकर्स का कहना था कि हमारा इरादा किसी की धार्मिक भावनाओं को आहत करना नहीं है। फिल्म में किसी भी दृश्य/ छवि में कृपाण को नहीं दर्शाया गया है।
बता दें इससे पहले दिल्ली में भी याचिका दायर कर इस सीन को हटाने की मांग की गई थी। फिल्म ‘जीरो’ 21 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म जीरो को आनंद एल राय और शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। फिल्म में बउआ सिंह का किरदार निभा रहे शाहरुख ने पहले इस तरह का किरदार नहीं किया है। शाहरुख खान, अनुष्का शर्मा और कटरीना कैफ की तिकड़ी इससे पहले यश चोपड़ा की 'जब तक है जान' में भी नजर आ चुकी है।