रवीना टंडन इन दिनों कुछ व्यथित हैं। बॉलीवुड के गॉसिप गलियारों में यह खबर है कि कभी मस्त मस्त गर्ल कहलाने वाली रवीना पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के जीवन से प्रेरित होकर बनाई जाने वाली फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रही हैं।
परंतु रवीना की परेशानी का सबब यह है कि फिल्म में कुछ अंतरंग दृश्य भी रखे जाएंगे। सूत्रों का कहना है कि रवीना फिल्म के स्क्रिप्ट राइटर से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं और उनसे कह रही हैं कि इन दृश्यों पर बहुत ज्यादा जोर न दिया जाए। इन्हें ज्यादा बोल्ड न बनाया जाए।
बताया जा रहा है कि इस फिल्म की स्क्रिप्ट के लिए निर्माता हरी झंडी दे चुके हैं और जैसे ही काम पूरा होगा, फिल्म के लिए निर्देशक की तलाश की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार बेनजीर के जीवन पर कथित रूप से आधारित इस फिल्म में उनके ऑक्सफोर्ड में पढ़ाई के दौरान एक रंगीन मिजाज क्रिकेटर के साथ रिश्तों को भी दिखाया जाएगा। यह अंतरंग दृश्य इसी क्रिकेटर के साथ होंगे।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान रहे इमरान खान से बेनजीर की नजदीकियों की चर्चा होती रही है इमरान की जीवनी लिखने वाले क्रिस्टोफर सेंडफोर्ड की किताब में भी इस पर लिखा गया है।
फिल्म से जुड़े सूत्रों के अनुसार रवीना अगले महीने लंदन जाएंगी जहां पर बेनजीर के लुक और ड्रेसों के लिए टेस्ट होगा। अगर सारी बातें ठीक रहीं तो शूटिंग इसी साल के अंत तक शुरू की जा सकती है। फिलहाल रवीना इस पूरे मामले पर मीडिया से दूरी बनाए हुए हैं।