हाल में खबर थी कि ऐक्टर रणबीर कपूर ने बॉम्बे वेलवेट के निर्माताओं से कहा है कि वह फिल्म प्रमोशन के लिए मीडिया से बातचीत नहीं करेंगे क्योंकि उनसे निजी जिंदगी यानी कैटरीना कैफ के बारे में सवाल पूछे जाते हैं।
परंतु रोचक बात यह है कि अपनी जिंदगी को ‘प्राइवेट’ मानने वाले रणबीर दूसरों की निजी जिंदगी पर टिप्पणी करने से नहीं चूकते! यह वाकया है गुरुवार को विश्व कप क्रिकेट के क्वार्टर फाइनल में हुए भारत-बांगलादेश मुकाबले का।
बॉम्बे वेलवेट के ट्रेलर लॉन्च को जगजाहिर करने के लिए रणबीर स्टार स्पोर्ट्स पर मैच की कॉमेन्ट्री करने पहुंचे थे। यहीं पर उन्होंने फिल्म में अपनी को-स्टार अनुष्का शर्मा की लव लाइफ पर टिप्पणी कर डाली।
उन्होंने कहा कि अनुष्का और टीम इंडिया के क्रिकेटर विराट कोहली देश के सबसे ‘हॉट कपल’ में से एक हैं। जबकि अनुष्का शर्मा हमेशा कहती हैं कि निजी जिंदगी के बारे में सार्वजनिक चर्चा वह पसंद नहीं करतीं।
लगता है यह बात उन्होंने रणबीर से नहीं कही। तभी तो उन्होंने पूरी दुनिया के सामने अनुष्का का नाम विराट से जोड़ दिया! अब हर कोई कह रहा है कि रणबीर दोहरे मापदंड रखते हैं।
एक तरफ उन्हें कैटरीना के साथ सार्वजनिक रूप से अपना नाम लिया जाना अच्छा नहीं लगता और दूसरी तरफ वह अपनी को-स्टार को सबके सामने विराट से जोड़ देते हैं!