आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी हाल ही में तब सुर्खियों में आ गए जब उन्होंने सुष्मिता सेन के साथ अपने रिश्ते को लेकर बात की। अब उन्होंने 'धुरंधर' स्टार रणवीर सिंह को लेकर एक अहम खुलासा किया है। खबरें हैं कि ललित मोदी फिलहाल अपनी जिंदगी पर आधारित एक बायोपिक पर काम कर रहे हैं। बायोपिक में लीड रोल में कौन होगा, इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। ऐसे में ललित मोदी ने बताया है कि हाल ही में रणवीर सिंह उनसे लंदन में मिले और इस फिल्म में उनका किरदार निभाने में दिलचस्पी दिखाई।
बायोपिक पर चल रहा काम
एएनआई से बातचीत में ललित मोदी ने रणवीर सिंह को लेकर कहा 'हां, (बायोपिक पर काम चल रहा है)। अभी इसकी स्क्रिप्ट लिखी जा रही है। मैंने पहले ही सैकड़ों इंटरव्यू दिए हैं। मेरे पास स्नेहा रजनी के नेतृत्व में एक पूरी टीम है लेकिन वे अभी सिर्फ कहानी की स्क्रिप्ट लिख रहे हैं।'
रणवीर सिंह-दीपिका पादुकोण
- फोटो : सोशल मीडिया
रणवीर को लेकर क्या बोले ललित?
जब ललित मोदी से पूछा गया कि वह इस बायोपिक में अपना किरदार किसे निभाते देखना चाहेंगे, तो उन्होंने बताया, 'रणवीर मेरा किरदार निभाना चाहते हैं। वह मुझसे मिलने आए थे। मैं चाहूंगा कि वही यह किरदार निभाएं। अगर उनके पास समय हो तो काम करें क्योंकि अब वह बहुत बड़े स्टार बन गए हैं। मैं रणवीर को नहीं जानता था। मैं दीपिका को बहुत अच्छी तरह जानता था। मैं रणवीर से कभी नहीं मिला था। एक दिन मुझे फोन आया कि रणवीर मुझसे मिलना चाहते हैं। वह करीब दो साल पहले, मुझसे मिलने लंदन आए थे।'
ललित मोदी इंटरव्यू
- फोटो : एएनआई
ललित ने की रणवीर की तारीफ
उन्होंने आगे कहा, 'रणवीर ने कहा था कि अगर उनकी जिंदगी में कोई एक ऐसा किरदार है जिसे वह निभाना चाहते हैं, तो वह है कमिश्नर के तौर पर ललित मोदी का। मुझे लगता है कि वह बहुत बढ़िया एक्टर हैं। इसमें कोई शक नहीं कि वह कमाल के हैं। उन्होंने फिल्म 'धुरंधर' में जो काम किया है, वह जबरदस्त है। चाहे वह अब मेरा किरदार निभाना चाहें या न चाहें, लेकिन दो साल पहले हम यहीं, इसी घर में, यहीं बैठकर इस बारे में बात कर चुके हैं कि वह मेरा किरदार निभाएंगे।'
ललित मोदी, सुष्मिता सेन
- फोटो : सोशल मीडिया
ललित ने सुष्मिता का किया बचाव
हाल ही में ललित मोदी ने बताया था कि अलग होने के बावजूद बॉलीवुड अभिनेत्री सुष्मिता सेन उनकी अच्छी दोस्त हैं। उन्होंने सुष्मिता सेन को गोल्ड डिगर कहे जाने पर बचाव किया था।
कौन हैं ललित मोदी?
ललित मोदी आईपीएल के पूर्व चेयरमैन हैं। उन्होंने 2005 से 2010 तक बीसीसीआई के उपाध्यक्ष के तौर पर भी काम किया। इसके अलावा, उन्होंने घरेलू क्रिकेट में भी कई अहम पद संभाले।