बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह (Ranveer Singh) बहुत जल्द 'जयेशभाई जोरदार' (Jayeshbhai Jordaar) में भी दिखाई देने वाले हैं। इस फिल्म के लिए रणवीर ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।
इंस्टाग्राम पर रणवीर सिंह ने बिना मूंछों वाली अपनी एक तस्वीर पोस्ट की है जो कि आने वाली फिल्म 'जयेशभाई जोरदार' में उनका लुक माना जा रहा है। इस तस्वीर को शेयर करते हुए रणवीर ने खुद को 'ऐ चिकने' बताया। फिल्म का निर्माण यशराज फिल्म्स तले किया जाएगा। फिल्म का निर्देशन दिव्यांग ठक्कर करेंगे।
रणवीर इस फिल्म के लिए अपने गुजराती दोस्तों से मिल रहे हैं और उनके हाव भाव के साथ साथ गुजराती लहजे में हिंदी बोलने का अभ्यास भी कर रहे हैं। इस फिल्म के बाद वह करण जौहर की ऐतिहासिक फिल्म तख्त की तैयारी शुरू करेंगे।
फिल्म पर बात करते हुए रणवीर ने बताया था- “एक बहुमुखी अभिनेता होने का टैग मेरे लिए बहुत बड़ी प्रेरणा है। मैं चरित्र चित्रण संबंधी मूल्यों से जुड़ा हूं। शुरू से ही मैं एक बहुमुखी कलाकार के रूप में पहचाने जाने का प्रयास करता रहा हूं। मैंने कई तरह के किरदार निभाए हैं, लेकिन उन्हें पहले से कहीं ज्यादा अब पहचाना जा रहा है। 14 महीनों के अंतराल में लोगों ने मुझे अलाउद्दीन खिलजी (पद्मावत), संग्राम सिम्बा भालेराव (सिम्बा) और मुराद (गली बॉय) जैसे किरदारों में देखा है और मैं आगे भी इसी तरह से खुद को चुनौती देते रहने की उम्मीद करता हूं।”