हिंदी सिनेमा में अपनी पहली ही फिल्म 'राजा की आएगी बारात' से दमदार मौजूदगी दर्ज कराने वाली रानी मुखर्जी की अगली फिल्म 'मर्दानी 2' की शूटिंग इन दिनों जोरों से चल रही है। इस फिल्म की शूटिंग को अमर उजाला लगातार फॉलो करता रहा है और फिल्म के सेट्स से अमर उजाला ने ही सबसे पहले आपको रानी मुखर्जी के अलग-अलग लुक्स भी दिखाए।
रानी मुखर्जी ने इस फिल्म के लिए अब जाकर पुलिस अधीक्षक की वर्दी पहनी है और उनकी वर्दी वाली ये फोटो भी हम अमर उजाला पाठकों के लिए एक्सक्लूसिव लेकर आए हैं। पिछली फिल्म 'मर्दानी' में इंस्पेक्टर बनी रानी मुखर्जी 'मर्दानी 2' में पुलिस अधीक्षक शिवानी शिवाजी रॉय का किरदार कर रही हैं। जैसा कि आप इस फोटो में देख सकते हैं, रानी मुखर्जी ने इस किरदार जैसा ओज और तेज चेहरे पर लाने के लिए हाल के दिनों में खूब मेहनत की है।
फिल्म 'मर्दानी 2' में रानी के किरदार के मुकाबला 21 साल के एक खूंखार खलनायक से होने वाला है। सूत्र बताते हैं कि इस फिल्म की कहानी मुंबई से लेकर राजस्थान तक फैली है और एक केस की तफ्तीश के सिलसिले में ही शिवानी राजस्थान जाती है। फिल्म की राजस्थान में शूटिंग तपती गर्मी में होने जा रही है और 40 डिग्री से भी ऊपर के तापमान में शूटिंग के लिए रानी खुद को कई दिनों से तैयार करती रहीं हैं।