रणबीर कपूर और कैटरीना कैफ। इस समय बी-टाउन का सबसे पॉपुलर प्रेमी जोड़ा। इस साल रील लाइफ में बेशक कोई भी लव-स्टोरी हिट हुई हो, रियल लाइफ में इन दोनों की लव स्टोरी सबसे ज्यादा चर्चा में रही।
अब सुनने में आया है कि ऋषि कपूर और नीतू कपूर ने रणबीर कपूर को शादी करने का अल्टीमेटम दे दिया है। ‘बर्फी’ स्टार के मम्मी-पापा चाहते हैं कि वह 2016 तक शादी के बंधन में बंध जाएं।
हालांकि ये बात साफ नहीं है कि अल्टीमेटम कैट से शादी करने के लिए दिया जा रहा है या किसी और से। इससे पहले जब भी ऋषि और नीतू के सामने कैटरीना के उनकी बहू बनने की बात सामने आई, दोनों से ही कुछ खास अच्छी प्रतिक्रिया नहीं मिली। अब अगर ये मामला कैट से ही जुड़ा है, तो शायद रणबीर को भी उनकी बात मानने में कोई एतराज नहीं होगा और वह जल्द ही शादी भी करना चाहेंगे।
रहने लगे हैं साथ-साथ
वैसे भी पिछले कुछ दिनों से दोनों एक साथ एक ही घर में रह रहे हैं। इस घर में उन्होंने हाल ही में अपने करीबी दोस्तों और रिश्तेदारों को दावत भी दी थी। इससे पहले जब स्पेन में दोनों साथ छुट्टियां मनाते देखे गये, तब भी इनका रिलेशनशिप सबके सामने आ गया था।
अब अगर प्रैक्टिकली इनकी शादी के प्लान पर चर्चा करें तो रणबीर की 2014 में कोई फिल्म रिलीज नहीं हुई है। अगले साल यानी 2015 में उनकी चार फिल्में ‘रॉय’, ‘जग्गा जासूस’, ‘बॉम्बे वेलवेट’ और ‘तमाशा’ रिलीज होने वाली हैं।
इस लिहाज से रणबीर के पास शादी प्लान करने के लिए अगले साल शायद ही समय बचे। जहां तक साल 2016 की बात है, तो उसके लिए उन्हें अभी से पक्की योजना बनानी होगी ताकि फिल्मों की डेट और शादी की डेट आपस में न टकराएं।
क्या 2016 में होगी शादी
रणबीर के मौजूदा स्टेटस की बात करें, तो फिलहाल वह अपने वर्क कमिटमेंट्स के साथ बिजी हैं और बाकी बचा वक्त कैट के साथ बिता रहे हैं। अब मीडिया और बॉलीवुड में इनकी शादी को लेकर कितनी ही चर्चा क्यों न हो जाए, असल बात तो वक्त आने पर ही सामने आएगी।
देखते हैं कि अर्पिता खान की तरह ही कैटरीना और रणबीर की शादी कब हेडलाइन बनती नजर आती है। इस पूरे मामले में रणबीर बेशक 2016 तक शादी की बात पर राजी होते दिखें, मगर कैटरीना की तरफ से इस मामले में कोई बयान सामने नहीं आया है।
काफी समय पहले चर्चा तो उनके कैटरीना खान बनने की भी थी, मगर ऐसा हो न सका। अब कपूर का टैग कैट कब तक अपनाती हैं, ये रहस्य ही रहेगा जब तक वह खुद कुछ न कहें।
ऋषि कपूर से जब एक इंटरव्यू के दौरान पूछा गया कि कैटरीना और दीपिका में से उनकी फेवरेट को-स्टार कौन है, तो उन्होंने कैटरीना का नाम लिया था। अब बेटे की बहू वह किसे देखना चाहते हैं, ये तो वही जानें। वहीं नीतू ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक फोटो शेयर की थी, जिसमें कैट को क्रॉप कर दिया गया था।