रणबीर कपूर अपनी आने वाली फिल्म बेशरम का ट्रेलर शाहरुख खान की चेन्नई एक्सप्रेस के साथ रिलीज नहीं करना चाहते। रणबीर को डर है कि कहीं चेन्नई एक्सप्रेस की हाइप में उनकी फिल्म का प्रमोशन अंडरप्ले न हो जाए।
रणबीर कपूर अपनी आगामी फिल्म 'बेशरम' के प्रति कुछ ज्यादा ही संवेदनशील हो चुके हैं, यही वजह है कि वे इस फिल्म से संबंधित हर मामले में दखलंदाजी करते दिखाई दे रहे हैं।
हाल ही में उन्होंने निर्णय लिया है कि उनकी इस फिल्म का ट्रेलर शाहरुख खान की फिल्म 'चेन्नई एक्सप्रेस' और अक्षय कुमार की 'वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई दोबारा' की रिलीज से पहले ही सिनेमाघरों में दिख जाए।
पिछले दिनों उन्होंने फिल्म 'बेशरम' के निर्देशक अभिनव कश्यप के साथ मिलकर नई व्यूह रचना की है। रणबीर कपूर का मानना है कि दो बड़ी फिल्मों के बीच अगर उनकी फिल्म का ट्रेलर लांच होगा, तो उस पर कोई बात नहीं करेगा।
इससे अच्छा तो यह है कि इन दोनों फिल्मों की रिलीज से पहले ही बेशरम का ट्रेलर रिलीज कर दिया जाए। सूत्रों की मानें, तो अब 2 अगस्त को बेशरम का ट्रेलर धूमधाम के साथ लांच किया जाएगा।
बता दें कि 'चैन्नई एक्सप्रेस' 9 अगस्त को रिलीज हो रही है और इस फिल्म के एक हफ्ते बाद 'वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई दोबारा' प्रदर्शित होगी।