रनबीर कपूर अपने सौम्य और शालीन व्यवहार के लिए जाने जाते हैं। मगर हाल ही में करन जौहर की फिल्म 'ये जवानी है दीवानी' के फर्स्ट लुक लांच पर तो उनका अलग ही रूप नजर आया। दरअसल, दीपिका पादुकोण से ब्रेकअप होने के बाद यह रणबीर की पहली फिल्म होगी।
जाहिर है मीडिया के लिए यह बेहतरीन मौका था कि दीपिका व रणबीर के अफेयर के किस्से दोबारा खोले जाएँ। इसी क्रम में एक मीडियाकर्मी ने दीपिका पादुकोण से पूछ डाला कि क्या जिस तरह 'बचना ऐ हसीनों' के दौरान उन्होंने रनबीर कपूर के नाम का टैटू बनवाया था और वह एक प्रोमोशनल इवेंट का जरिया था तो इस बार भी 'ये जवानी है दीवानी' के प्रोमोशन के लिए दीपिका रनबीर के नाम का कोई टैटू बनवाएँगी।
रनबीर कपूर इस सवाल पर भड़क उठे और उन्होंने सीधे तौर पर मीडियाकर्मी को कहा, "आपका सवाल बेहूदा है। हो सकता है कि आपने यह सवाल पूछा हो तो आपको आपके ऑफिस में बहुत तारीफ मिले कि 'वाह तुमने क्या सवाल किया था... रणबीर और दीपिका तो नर्वस हो गये थे...' लेकिन मैं आपको साफ कहना चाहंगा कि आपका सवाल बेहूदा है। हम स्टार्स सब कुछ केवल प्रोमोशन के लिए नहीं करते।"
रनबीर कहा कि दीपिका ने वह टैटू प्रोमोशन के लिए नहीं बनवाया था और वह हमारी पर्सनल चीज है, जिसे हम आपके साथ शेयर नहीं करना चाहेंगे। उन्होंने गुस्से में आकर यह भी कह डाला कि यह इवेंट मेरे और दीपिका की वेडिंग सेरेमनी नहीं है जो आप केवल हमारे अफेयर की बातें कर रहे हैं। कहा, "सवाल पूछना है तो फिल्म के बारे में पूछें... न कि हमारा मजाक उड़ायें।"
रनबीर का यह भड़कीला रूप देख कर वहां मौजूद फिल्म के निर्माता करन, फिल्म के निर्देशक अयान मुखर्जी भी दंग रह गये कि आखिर अचानक रणबीर को क्या हुआ और वह इस तरह क्यों भड़क उठे। हालांकि बाद में करन ने ही कुछ जोक बोलकर माहौल को सामान्य किया।