निर्माता-निर्देशक राम गोपाल वर्मा को विवादों में रहना पसंद है, यह तो सभी जानते हैं। उनकी बातें चौंकाने वाली और होती हैं यह भी सभी को पता है। लेकिन इस बार कुछ ऐसा सामने आया है जो इस ‘इंटलेक्चुअल’ कहलाने वाले फिल्मकार की छवि पर गंदा धब्बा है।
अभिनेत्री और फिल्मकार शेखर कपूर की पूर्व पत्नी सुचित्रा कृष्णमूर्ति की आत्मकथात्मक किताब में रामू की कही बातों ने सभी को चौंका दिया है। रविवार को सुचित्रा की किताब ‘ड्रामा क्वीन’ मुंबई में रिलीज हुई। जिसमें उन्होंने अपने जीवन और फिल्मों का जिक्र किया है।
इसमें उन्होंने वर्मा के बारे में भी कुछ बातें लिखी हैं। रामू के साथ सुचित्रा ‘माई वाइफ्स मर्डर’ और ‘रण’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं।
सुचित्रा ने किताब में लिखा है कि उनकी जिंदगी में एक वक्त ऐसा आया जब वह रामू से बहुत इंप्रेस हो गईं और उनसे शादी करने के बारे में सोचने लगीं।
उन्होंने इस बारे में रामू को एसएमएस किया। कुछ दिनों बाद इस फिल्मकार ने बातचीत के लिए सुचित्रा को अपने ऑफिस बुलाया। जहां दोनों ने शादी के मुद्दे पर बातचीत की। सुचित्रा ने किताब में रामू द्वारा उस वक्त कही जो बातें लिखी हैं, वह बेहद चौंकाने और महिलाओं की गरिमा को गंभीर चोट पहुंचाने वाली हैं।
सुचित्रा ने लिखा है, ‘रामू ने कहा कि सुचित्रा मुझे लगता है कि तुमने मुझे बहुत गलत समझा है। हम बिल्कुल भी एक जैसे नहीं हैं। न कभी हो सकते हैं। मेरा विवाह की संस्था में कोई विश्वास नहीं है। न ही मैं ऐसा व्यक्ति हूं कि तुम मुझसे शादी करके खुश रह सको।’
रामू विवाह के बारे में अपनी राय को लेकर यहीं नहीं रुके और उन्होंने कहा, ‘मैं महिलाओं का इस्तेमाल केवल सेक्स के लिए करता हूं और मुझे नहीं लगता कि तुम ऐसा कुछ भी चाहोगी।
मुझे महिलाओं का शरीर तो पसंद है लेकिन उनका दिमाग नहीं। मुझे लगता है कि महिलाओं को सिर्फ देखा जाना चाहिए, न कि सुना जाना चाहिए। सुचित्रा का कहना है कि उन्होंने रामू को बता दिया था कि वह बातें अपनी किताब में लिख रही हैं। रामू ने इस पर कोई आपत्ति प्रकट नहीं की।
उल्लेखनीय है कि रामू का विवाह हो चुका है और उन्होंने अपनी पत्नी से तलाक ले लिया है। उनकी एक बेटी भी है, जिसकी कुछ महीनों पहले ही उन्होंने शादी की है।