राजपाल यादव पिछले दिनों एक चेक बाउंस केस को लेकर चर्चा में रहे। इस वजह से जेल में कई दिन भी गुजारे। जमानत पर जेल से बाहर आए राजपाल यादव ने अपना दर्द साझा किया है। शनिवार को की गई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में वह खुलकर इस पूरे मुद्दे को लेकर बोले। कहां उनसे चूक हुईं, इसे लेकर भी विस्तार से बातचीत की।
राजपाल ने एग्रीमेंट को लेकर रखा अपना पक्ष
राजपाल यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने काम और इस पूरे चेक बाउंस केस को लेकर साफ शब्दों में अपनी बात सामने रखी। वह कहते हैं, ‘मुझे काम करते हुए 26 साल हो गए हैं। कम से कम 200 एग्रीमेंट हुए हैं। 1 लाख से 1.5 लाख और फिर 15 लाख तक के एग्रीमेंट साइन किए। अगर मैंने एग्रीमेंट पर लड़ाई लड़ी होती, तो मेरे ऊपर सिर्फ एक केस क्यों है, और किसी पर केस नहीं है? मुझसे पूछा गया है कि 5 करोड़ रुपये कहां से आए और कहां गए? देखिए, मैं 1500 करोड़ रुपये का आदमी हूं। इस फिल्म के पीछे जो भी है, मैं उसका साथ देने को तैयार हूं, लेकिन पैसे लेकर लोगों को फंसाना गलत है।’
इस पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजपाल कभी परेशान तो कभी कुछ सोचते नजर आए।
- फोटो : PTI
अभिनेता ने दूसरे पक्ष को लेकर दी कड़ी प्रतिक्रिया
राजपाल यादव आगे कहते हैं, ‘माधव और मिथिलेश का इरादा सही नहीं था। यह तीन लोगों की लड़ाई है। यह आन की लड़ाई है। मैं खुद को गवाह मानता हूं और वे लोग खुद को गवाह मानते हैं। हम तीनों जानते हैं कि हम कब मिले? क्या बातें हुईं? अगर जिंदगी उनके वीडियो जितनी सस्ती होती है तो मैं उनके पैरों पर गिर जाता हूं। मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि कफन के अलावा इस दुनिया से कुछ नहीं मिलेगा। इसलिए सबको सिखाओ कि जब भी किसी के साथ काम करो, तो हमेशा अच्छे इरादे रखो। अगर तुम्हारे अंदर पॉजिटिविटी है, तो नतीजे पॉजिटिव होंगे। अगर तुम्हारे अंदर नेगेटिविटी है, तो नतीजे नेगेटिव होंगे।’
अभिनेता राजपाल यादव
- फोटो : अमर उजाला
क्या है चेक बाउंस केस से जुड़ा पूरा मामला?
2010 के एक चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव ने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था। हाल ही में दिल्ली हाई कोर्ट ने चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव की सजा को 18 मार्च तक के लिए अंतरिम तौर पर सस्पेंड कर दिया है। कुछ शर्तों के साथ उन्हें जमानत मिली है। 11 दिन जेल में बिताने के बाद वह बाहर आए। राजपाल यादव 9 करोड़ रुपए का कर्ज न चुका पाने के मामले में जेल गए थे। शनिवार को राजपाल यादव ने अपना यूट्यूब चैनल शुरू करने की बात भी फैंस के साथ साझा की है, वह वह एक्टर के साथ ही कंटेंट क्रिएटर भी बन गए हैं।