शाहिद कपूर को कतई उम्मीद नहीं थी कि गंभीर फिल्मकार माने जानेवाले राजकुमार संतोषी उनसे इतना बड़ा मजाक कर सकते हैं। मजाक भी ऐसा कि शाशा के हाथ पांव ही फूल गए।
हुआ कि फिल्म फटा पोस्टर निकला हीरो के एक शॉट की शूटिंग करने के बाद शाशा एक कोने में अपना एनर्जी ड्रिंक ले रहे थे। संतोषी को जिज्ञासा हुई कि आखिर शाहिद हर शॉट के बाद क्या पीने चले जाते हैं! अब की शाहिद एनर्जी ड्रिंक ले ही रहे थे कि संतोषी उनके पास पहुंच गए और उनसे एक ड्रिंक की मांग की।
शाहिद को भला अपने डायरेक्टर को एनर्जी ड्रिंक देने से क्या आपत्ति होती? उन्होंने संतोषी को बड़े आदर के साथ ड्रिंक दे दिया। लेकिन एनर्जी ड्रिंक लेने के बाद संतोषी का चेहरा एकदम बदल गया। किसी की भी समझ सकता था कि उन्हें कोई तकलीफ शुरू हो चुकी है।
अचानक तबियत खराब होने से शाहिद के हाथ-पांव फूल गए। उनकी समझ में नहीं आया कि जिस ड्रिंक को वे लगातार ले रहे हैं और एनर्जी पाते महसूस कर रहे हैं, उसी को पीकर आखिर संतोषी क्यों बीमार पड़ गए।
शाहिद ने फौरन संतोषी के चीफ असिस्टेंट को डॉक्टर बुलाने के लिए कह दिया और खुद भी अपने परिचित डॉक्टरों से सलाह मशविरा करने लगे। लेकिन थोड़ी देर में देखते हैं कि यूनिट के लोग ठहाके लगा रहे हैं। यहां तक कि खुद राजकुमार संतोषी भी पेट पकड़कर हंस रहे हैं। अब शाहिद की समझ में आ गया कि उनके साथ मजाक किया गया है और उन्हें वेवकूफ बनाया गया है।