3 ईडियट्स पर क्या बोले आमिर खान?
आमिर खान ने अप्रैल 2026 में अमर उजाला को दिए इंटरव्यू में इस सीक्वल की पुष्टि की थी। उन्होंने बताया कि वह कहानी सुन चुके हैं।
आमिर ने कहा, ‘राजू इस समय ‘3 इडियट्स 2’ पर काम कर रहे हैं। मैंने इसकी कहानी सुनी है और यह बहुत शानदार है। स्क्रिप्ट पर अभी थोड़ा काम बाकी है, लेकिन कहानी काफी अलग और मजेदार है, बिल्कुल पहली फिल्म की तरह।’
उन्होंने यह भी कहा कि वह फिर से फुनसुख वांगडू का किरदार निभाने को लेकर काफी एक्साइटेड हैं।
ओरिजिनल स्टार कास्ट की वापसी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सीक्वल में आमिर खान, करीना कपूर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी एक बार फिर नजर आ सकते हैं। फिल्म को राजकुमार हिरानी डायरेक्ट करेंगे और विदु विनोद चोपड़ा, हिरानी और आमिर खान मिलकर इसे प्रोड्यूस करेंगे।
हालांकि बोमन ईरानी, मोना सिंह और जावेद जाफरी जैसे सपोर्टिंग एक्टर्स की वापसी को लेकर अभी कोई पक्की जानकारी सामने नहीं आई है।
फिल्म का वर्किंग टाइटल ‘4 इडियट्स’
बताया जा रहा है कि फिलहाल फिल्म का वर्किंग टाइटल ‘4 इडियट्स’ रखा गया है, जो आगे चलकर बदल भी सकता है। मेकर्स इस बार एक नए किरदार को भी जोड़ने की सोच रहे हैं, जिससे कहानी और बड़ी हो सके। हालांकि इस नए किरदार के लिए अभी किसी एक्टर का नाम सामने नहीं आया है।
दादासाहेब फाल्के बायोपिक फिलहाल रुकी
राजकुमार हिरानी और आमिर खान पहले दादासाहेब फाल्के की बायोपिक पर काम करने वाले थे, लेकिन स्क्रिप्ट की वजह से वह प्रोजेक्ट फिलहाल रोक दिया गया है। अब दोनों का फोकस ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल पर है।
क्यों खास थी ‘3 इडियट्स’
‘3 इडियट्स’ 24 दिसंबर 2009 को रिलीज हुई थी। इस फिल्म को विदु विनोद चोपड़ा ने प्रोड्यूस किया था और इसका बजट करीब 55 करोड़ रुपये था। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 400.61 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
यह पहली भारतीय फिल्म थी जिसने 200 करोड़ क्लब में एंट्री की थी। फिल्म में आमिर खान, आर. माधवन, शरमन जोशी, करीना कपूर खान और बोमन ईरानी मुख्य भूमिकाओं में थे।
फिल्म का मुख्य संदेश था कि हमें समाज के दबाव में आकर नहीं, बल्कि अपने दिल और पैशन के हिसाब से चलना चाहिए। इस फिल्म ने भारत की शिक्षा प्रणाली को लेकर एक बड़ी बहस भी छेड़ दी थी। इसके डायलॉग, गाने और किरदार आज भी लोगों की जुबान पर हैं।
ये भी पढ़ें- रणवीर सिंह का प्रण, 18 महीने तक नहीं देंगे कोई इंटरव्यू; ‘डॉन 3’ विवाद पर साधी चुप्पी; इसलिए लिया फैसला
आमिर खान और राजकुमार हिरानी
- फोटो : सोशल मीडिया