फिल्मकार राजकुमार हिरानी को ‘मलेशिया गोल्डन ग्लोबल अवार्ड्स’ की ज्यूरी का प्रमुख नियुक्त किया गया है। बॉलीवुड की कई बॉक्स ऑफिस हिट फिल्में राजू हिरानी के नाम है, जिसमें आमिर खान की 3 इडियट्स और पीके जैसी फिल्में शामिल हैं।
‘मलेशिया अंतरराष्ट्रीय फिल्म उत्सव’ (एमआईएफफेस्ट) का आयोजन 20 जुलाई को किया जाएगा। ‘हॉलीवुड रिर्पोटर’ के अनुसार हिरानी के अलावा दक्षिण कोरियाई छायाकार किम ह्युंग-कू, अदाकारा सेसिलिया यिप और निर्देशक जोको अनवर और हो युहांग भी ज्यूरी का हिस्सा होंगे।
इसका अयोजन मलेशिया के जैज़ी समूह द्वारा किया जाता है। मलेशिया इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल की शुरुआत 2017 में हुई थी। जिसका उद्देश्य मलेशियन दर्शकों को इंटरनेशनल सिनेमा से जोड़ना और देश में फिल्म मेकिंग टैलेंट को बढ़ावा देना था।
बता दें कुछ दिनों पहले राजकुमार हिरानी पर संजू फिल्म की एक असिस्टेंट डायरेक्टर ने यौन शोषण का आरोप लगाया था। महिला के मुताबिक, संजू फिल्म के पोस्ट प्रोडक्शन के दौरान उसका यौन शोषण हुआ था। जब महिला ने विरोध किया तो राजकुमार हिरानी ने उसे फिल्म से निकालने की धमकी दी। यही नहीं उससे कहा गया कि उसका करियर भी बर्बाद हो जाएगा। हालांकि राजकुमार हिरानी ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था।
इनपुट-भाषा से भी