सुपरस्टार रजनीकांत राजनीति में कदम रखने को लेकर इन दिनों चर्चा में है। खबर है कि वो जल्द ही अपने दोस्त और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत को लेकर बातचीत कर सकते हैं।
पिछले कुछ हफ्तों में रजनीकांत ने ऐसे संकेत दिए हैं कि वो जल्द ही सक्रिय राजनीति में कदम रखना चाहते हैं। लेकिन फिलहाल उनकी फैमिली उन्हें इस बात को लेकर सपोर्ट करती हुई नहीं दिख रही है। राजनीति में कदम रखने को लेकर उन पर बहुत दबाव है, लेकिन वो जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं करना चाहते। इसी को ध्यान में रखते हुए वो अपने कई दोस्तों से मुलाकात भी कर सकते हैं। माना जा रहा है कि मुलाकात करने वाले दोस्तों की लिस्ट में अमिताभ बच्चन का नाम सबसे पहले होगा।
रजनीकांत के खराब स्वास्थ्य को देखते हुए उनकी बेटी नहीं चाहती कि वो साल में एक से ज्यादा फिल्में करें। लेकिन फिलहाल वो दो फिल्में कर चुके हैं। इसमें एक फिल्म 'कबाली' पहले ही रिलीज हो चुकी है और दूसरी फिल्म '2.0' का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
आपको बता दें कि पिछले महीने बड़ी संख्या में मौजूद अपने प्रशंसकों को संबोधित करते हुए सुपरस्टार रजनीकांत ने कहा था, "फिलहाल मेरी कोई राजनीतिक महत्वाकांक्षा नहीं है, लेकिन अगर यही ईश्वर की मर्जी होगी, तो मैं कल ही राजनीति में आ जाउंगा।"
रजनीकांत फिलहाल अपनी तमिल फिल्म ‘काला’ की शूटिंग में व्यस्त हैं।