बॉलीवुड के सुपर स्टार अभिनेता स्वर्गीय राजेश खन्ना की पहली पुण्यतिथि 18 जुलाई को उनकी आखिरी फिल्म 'रियासत' प्रदर्शित होने वाली है। यह जानकारी फिल्म निर्देशक अशोक त्यागी ने दी।
हिंदी फिल्मों के पहले सुपर स्टार राजेश खन्ना का निधन पिछले वर्ष हुआ था। लंबी अरसे तक बीमार रहने के बाद उन्होंने दुनिया से विदा ले ली।
वह प्रसिद्ध फिल्में 'आराधना', 'कटी पंतग', 'आनंद', 'अमर प्रेम' और 'आन मिलो साजना' के लिए जाने जाते हैं।
त्यागी ने आईएएनएस से कहा, "आखिरकार, 18 जुलाई को काका जी की अंतिम फिल्म प्रदर्शित होने वाली है। अफसोस है कि हम उनके जन्म दिवस (29 दिसंबर) पर यह काम नहीं कर पाए।
उन दिनों हम कठिन दौर का सामना कर रहे थे। 18 जुलाई को गुरुवार है, इसलिए हम इस दिन इसका प्रदर्शन करने जा रहे हैं।"
फिल्म 'रियासत' में अभिनेता आर्यन वैद, गौरी कुलकर्णी, आर्यमन रामसे और राजा मुराद भी अपना किरदार निभा रहे हैं।