जुलाई में अभिनेता राजेश शर्मा को कथित तौर पर एक कीड़े के काटने के चलते कोलकाता के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जब उन्हें कीड़े ने काटा था, तब वे हैदराबाद में प्रभास की फिल्म 'फौजी' की शूटिंग कर रहे थे। इस मामले को लेकर काफी बवाल हुआ था। लेकिन अब एक्टर ने इस पूरे मामले पर चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
राजेश शर्मा ने किया बड़ा खुलासा
हाल ही में एनडीटीवी को दिए एक इंटरव्यू में राजेश ने अब अपनी सेहत को लेकर अपडेट दिया है। उन्होंने उन खबरों को भी गलत बताया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि किसी कीड़े के काटने की वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
राजेश ने बताया कि असल में उनके साथ क्या हुआ था। उन्होंने कहा कि उनकी दाहिनी टांग में काफी समय से स्किन से जुड़ी एक समस्या थी। उनकी हालत तब और ज्यादा बिगड़ गई, जब उनका डायबिटीज लेवल काफी बढ़ गया। हालांकि, शुरुआत में उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनकी हालत कितनी गंभीर हो गई है।
राजेश ने बताया कि अब उनका इलाज पूरा हो चुका है और वह धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि वह करीब एक हफ्ते में दोबारा काम पर लौट पाएंगे।