फरहान अख्तर की मच अवेटेड फिल्म 'डॉन 3' लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। कभी स्टारकास्ट में बदलाव तो कभी कहानी को लेकर अटकलें- यह फिल्म रिलीज से पहले ही चर्चा का केंद्र बन चुकी है। हाल ही में फिल्म से जुड़े एक और बड़े अपडेट ने इंडस्ट्री का ध्यान खींचा है। खबरें हैं कि विक्रांत मैसी के प्रोजेक्ट से बाहर होने के बाद अब रजत बेदी को एक अहम किरदार के लिए देखा जा रहा है।
विक्रांत मैसी के बाहर होने की खबरें
दरअसल डॉन फ्रेंचाइजी हमेशा से अपने दमदार किरदारों और स्टाइलिश ट्रीटमेंट के लिए जानी जाती रही है। ऐसे में तीसरे पार्ट को लेकर उम्मीदें भी काफी ज्यादा हैं। लेकिन पिछले कुछ समय से फिल्म की कास्टिंग में लगातार बदलाव हो रहे हैं। पहले रणवीर सिंह के प्रोजेक्ट से अलग होने की खबर आई, फिर कियारा आडवाणी और अब विक्रांत मैसी के बाहर होने की चर्चाओं ने फैंस को हैरान कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विक्रांत मैसी ने 'डॉन 3' से दूरी इसलिए बनाई क्योंकि उन्हें अपने किरदार में गहराई और दम नजर नहीं आया। कहा जा रहा है कि रोल में जिस तरह के ट्रांसफॉर्मेशन की जरूरत थी, वह उनकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतर रहा था। इसी वजह से उन्होंने फिल्म छोड़ने का फैसला लिया।
यह खबर भी पढ़ें: ‘शाहरुख का कोई चरित्र नहीं, वो देशद्रोही हैं…’, देवकीनंदन ठाकुर के बाद अब इस कथावाचक ने साधा एक्टर पर निशाना
रजत बेदी करेंगे विक्रांत को रिप्लेस?
विक्रांत के बाहर होते ही मेकर्स नए चेहरे की तलाश में जुट गए और इसी कड़ी में रजत बेदी का नाम सामने आया है। हाल ही में एक चर्चित फिल्म में अपनी दमदार परफॉर्मेंस के चलते रजत बेदी एक बार फिर चर्चा में हैं। माना जा रहा है कि फरहान अख्तर इस किरदार के लिए उन्हें गंभीरता से विचार कर रहे हैं। दोनों के बीच इस सिलसिले में बातचीत भी हो चुकी है और जनवरी के मध्य में मुंबई के खार इलाके में एक अहम मीटिंग होने की संभावना है।
अगर यह कास्टिंग फाइनल होती है, तो रजत बेदी के लिए यह एक बड़ा मौका साबित हो सकता है। डॉन 3 जैसे बड़े फ्रेंचाइजी प्रोजेक्ट में अहम भूमिका निभाना किसी भी अभिनेता के करियर को नई दिशा दे सकता है। वहीं फरहान अख्तर के लिए भी यह फैसला बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि फिल्म की कहानी और किरदारों को लेकर दर्शकों की उम्मीदें आसमान पर हैं।
कास्टिंग को लेकर लगातार बना है सस्पेंस
फिलहाल मेकर्स की ओर से किसी भी कास्टिंग को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन जिस तरह से इंडस्ट्री में हलचल तेज है, उससे इतना जरूर साफ है कि डॉन 3 को लेकर आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं। फैंस की नजरें अब फरहान अख्तर और उनकी टीम के अगले ऐलान पर टिकी हैं।