अजय देवगन के साथ रेड जैसी चर्चित फिल्म बनाकर वापस सुर्खियों में लौटे निर्देशक राजकुमार गुप्ता की अगली फिल्म इंडियाज मोस्ट वांटेड रिलीज के लिए तैयार है और इसी के साथ अटकलें लगने लगी हैं, उनकी अगली फिल्म को लेकर।
इंडियाज मोस्ट वांटेड ऐसे समय में रिलीज हो रही है, जब इसके हीरो अर्जुन कपूर के अरबाज खान की पूर्व पत्नी मलाइका अरोड़ा से शादी की तारीख को लेकर रोज एक नई अफवाह सामने आ रही है। दोनों ने अपने रिश्ते को जबसे सार्वजनिक किया है, इसका सबसे ज्यादा असर अर्जुन कपूर के करियर पर ही पड़ा है। इंडियाज मोस्ट वांटेड को लेकर फिल्म ट्रेड में भी ज्यादा उत्साह नहीं दिख रहा है, लेकिन रेड की कामयाबी ने राजकुमार गुप्ता को जरूर फिर से पहली कतार के निर्देशकों में ला खड़ा किया है।
मुंबई में पिछले हफ्ते इस बात की काफी चर्चा रही कि राजकुमार गुप्ता अपनी अगली फिल्म के लिए रणबीर कपूर, रणवीर सिंह और आयुष्मान खुराना जैसे चोटी के नए सितारों से मिल रहे हैं। हालांकि, राजकुमार गुप्ता के करीबी सूत्रों की मानें तो वह अपनी अगली फिल्म किसी बड़े स्टार के साथ बनाने की कोशिश में तो हैं, लेकिन उन्हें इन सितारों से मिलने का समय नहीं मिल पा रहा है। वहीं, राजकुमार गुप्ता अपने अगले प्रोजेक्ट को लेकर ज्यादा कुछ बता नहीं रहे। जो बातें उनके दफ्तर से छनकर बाहर आ रही हैं, उसके मुताबिक उनकी अगली फिल्म एक बायोपिक होगी।