'प्रत्यूषा को अक्सर मारता-पीटता और गालियां देता था राहुल', पढ़िए पूरी FIR
Wed, 06 Apr 2016 03:20 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, दिल्ली
सार
राहुल ने प्रत्यूषा से मुंबई में खुद के चार फ्लैट होने, कई कारें होने, अपने गृहनगर में 150 एकड़ जमीन होने अपनी मां के एमएलए होने जैसे कई सफेद झूठ बोले थे। इन सब सफेद झूठों के बल पर उसने प्रत्यूषा की जिंदगी पर पूरा नियंत्रण बना लिया था।
राहुल अक्सर ही प्रत्यूषा को मारता-पीटता था, गालियां देता था। एक बार तो दोनों के बीच इतनी जमकर बहस हुई थी कि प्रत्यूषा जोर-जोर चिल्लाने रोने लगी थी।
प्रोड्यूसर-ऐक्टर राहुल राज सिंह पर अपनी प्रेमिका टीवी अभिनेत्री प्रत्यूषा बनर्जी को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज हो गया है। प्रत्यूषा बनर्जी की मां ने मंगलवार को मुंबई पुलिस को अपना बयान दर्ज कराया और एफआईआर दर्ज कराई है। इसके आधार पर राहुल राज सिंह को उनके अस्पताल से छूटते ही गिरफ्तार किया जा सकता है।
विज्ञापन
द टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक प्रत्यूषा के माता-पिता कहना है कि जब राहुल उसकी जिंदगी में आया तब वह टीवी की शीर्ष अभिनेत्री थी और अच्छी-खासी कमाई कर रही थी। उसने प्रत्यूषा से अपनी संपत्ति के बारे में कई झूठ बोले। अपने झूठ के दम पर उसने प्रत्यूषा को पूरी तरह से अपने काबू में कर लिया। राहुल अक्सर प्रत्यूषा को गालियां देता था, मारता-पीटता था।
प्रत्यूषा के पिता शंकर बनर्जी और माता सोमा बनर्जी ने यह ही बताया कि राहुल ने प्रत्यूषा को छोड़ने की धमकी देकर उसके माता-पिता से दूर कर दिया था। राहुल ने धमकी दी थी अगर प्रत्यूषा अपने माता-पिता का घर नहीं छोड़ती हैं, तो वह प्रत्यूषा को छोड़ देगा। उन्हें हाल ही में राहुल के पिछले संबंध से नौ साल के बच्चे होने की बात भी पता चली है।
विज्ञापन
ऐसे में पूरी उम्मीद है कि राहुल के अस्पताल से छूटते ही पुलिस उसे गिरफ्तार कर ले। लेकिन राहुल के वकील नीरज गुप्ता ने कहा कि वह अग्रिम जमानत के लिए बुधवार को अदालत में याचिका डालेंगे। अगली स्लाइड में जानिए, राहुल ने प्रत्यूषा से कौन-कौन से झूठ बोले थे और किस कदर अपने वश में कर रखा था।
प्रत्यूषा से कौन-कौन से झूट बोले थे राहुल ने
राहुल के खिलाफ दर्ज की एफआईआर में कई चौंकाने वाली बातें हैं। 'राहुल ने प्रत्यूषा से मुंबई में खुद के चार फ्लैट होने, कई कारें होने, अपने गृहनगर में 150 एकड़ जमीन होने अपनी मां के एमएलए होने जैसे कई सफेद झूठ बोले थे। इन सब सफेद झूठों के बल पर उसने प्रत्यूषा की जिंदगी पर पूरा नियंत्रण बना लिया था। राहुल प्रत्यूषा को उसके दोस्तों से नहीं मिलने देता था। यहां तक प्रत्यूषा के फोन इस्तेमाल करने पर भी उसे आपत्ति रहती थी। वह हमेशा प्रत्यूषा के पिछले संबंधों को लेकर उसे ताना मारता रहता था।'
एफआईआर के अनुसार, 'राहुल अक्सर ही प्रत्यूषा को मारता-पीटता था, गालियां देता था। एक बार तो दोनों के बीच इतनी जमकर बहस हुई थी कि प्रत्यूषा जोर-जोर चिल्लाने रोने लगी थी, तब उनके दरवाजे पर पड़ोसियों की भीड़ लग गई थी। यहां तक पैसों को लेकर भी दोनों में खूब झिकझिक होती थी। मकान का किराया देने को लेकर भी कई बार बहस होती थी।'
इसी साल जनवरी में प्रत्यूषा ने अपने चाचा दीपांकर से राहुल के इस व्यवहार के बारे में बताया था और प्रताड़ना की शिकायत की थी। यही नहीं, उन्होंने अपने पैरों पर कुछ चोटों के निशान भी दिखाए थे। तब उनके चाचा उनसे चोटों के इलाज करा लेने के बारे में कहा था। उन्होंने अपने चाचा से मौत के ठीक एक दिन पहले भी इसको लेकर शिकायत की थी। प्रत्यूषा का कहना था कि वह अलग नहीं होना चाहती, वह अपने रिश्ते को आगे बढ़ाना चाहती है।
प्रत्यूषा के पिता शंकर बनर्जी का कहना है कि वह वो सारी बातें पुलिस को बताना चाहते हैं। वह चाहते हैं कि राहुल को कड़ी से कड़ी सजा मिले। वह कहते हैं कि जब उन्होंने यह खबर सुनी सन्न रह गए। उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि वह क्या करें और ऐसी हालत में क्या करना चाहिए, क्या कहना चाहिए। जब से वह मुंबई आए हैं प्रत्यूषा के दोस्त ही हमें संभाल रहे हैं। फिलहाल वह प्रत्यूषा की अस्थियां विसर्जित करेंगे। वह कहते हैं, 'अमार माथा काज कोरचिलला ना (मैं सोच नहीं पा रहा हूं)।'
वह कहते हैं कि ऐसी परिस्थितियों का सामना उन्होंने पहले कभी नहीं किया। इसलिए सोच नहीं पाए कि क्या करना चाहिए। लेकिन वह चाहते हैं कि उनके बेटी के साथ जो हुआ, उसके लिए जो कोई जिम्मेदार है उसे कड़ी-कड़ी सजा मिले।
वह साफ-साफ कहते हैं, 'हमें पता था कि राहुल मेरी बेटी को परेशान कर रहा है, लेकिन इतना इसका अहसास नहीं था। प्रत्यूषा ने एक दो बार फोन कर के भी हमें कुछ बातें बताई थीं। लेकिन इससे प्रत्यूषा के इस तरह की मानसिक हालत का अंदाजा नहीं लगा। इसके बारे में हमें यहां आने के बाद उसके करीबी दोस्तों से बात करने पर पता चला। पर अब मैं अपनी बेटी खो चुका हूं, अब मेरे पास खोने के लिए कुछ खोने के लिए नहीं है। पर मैं चुप नहीं बैठूंगा। मैं चाहता हूं कि राहुल को उम्रकैद हो। ताकि किसी और प्रत्यूषा के साथ कोई राहुल ऐसा न करे।'