टीवी अभिनेत्री प्रत्यूषा बनर्जी के ब्वॉयफ्रेंड राहुल राज सिंह पर मुंबई पुलिस ने उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। चर्चित टीवी धारावाहिक 'बालिका वधू' की मुख्य किरदार 'आनंदी' की भूमिका निभा चुकी 24 वर्षीय प्रत्यूषा को बीते शुक्रवार को अंधेरी स्थित उनके घर में मृत पया गया था। इसके बाद पुलिस ने उनके ब्वॉयफ्रेंड राहुल राज सिंह से पूछताछ की थी। लेकिन इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी।
एनडीटीवी की खबर के मुताबिक पुलिस ने उन पर मुकदमा दर्ज कर उनसे दोबारा पूछताछ की तैयारी कर रही है। मामले में राहुल के लिए उनके पिता ने वकील भी नियुक्त कर दिया है। राहुल के वकील नीरज गुप्ता ने बताया कि राहुल का इलाज चल रहा है। उन्हें आईसीयू से जनरल वार्ड में भेज दिया गया है। लेकिन अभी उनकी हालत पूछताछ के लायक नहीं है।
ऐसे में पुलिस लगातार प्रत्यूषा और राहुल के दोस्तों से जानकारी खंगाल रही है। जानकारी के मुताबिक प्रत्यूषा के दस दोस्तों के एक समूह ने मामले में जांच पड़ताल को आगे बढ़ाने में काफी अहम जानकारियां दी हैं। पुलिस ने कहा कि उन दस लोगों की पहचान नहीं बताने के शर्त पर उन्हें सहयोग के लिए तैयार किया गया है। उनके द्वारा बताए गए तथ्यों के आधार पर ही पुलिस ने यह मामला तय किया है।