टेलीविजन से निकलकर अपनी पहली ही फिल्म 'ड्रीम गर्ल' से बड़े निर्देशक बन चुके राज शांडिल्य की बतौर निर्माता अगली फिल्म की शूटिंग अब उत्तर प्रदेश में नहीं होगी। राज शांडिल्य इस फिल्म की शूटिंग अब मध्य प्रदेश के उन इलाकों में होने जा रही है जहां अभिनेता राजकुमार राव की फिल्म ‘स्त्री’ की शूटिंग हुई थी। इस फिल्म के अलावा राज शांडिल्य की चार और फिल्में निर्माण के विभिन्न चरणों में हैं। आयुष्मान खुराना, नुशरत भरुचा, अनु कपूर और विजय राज की सुपरहिट रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा फिल्म 'ड्रीम गर्ल' के निर्देशक राज शांडिल्य ने कोरोना संक्रमण काल में एक के बाद एक पांच फिल्मों का एलान किया है। पिछले साल की गर्मियों में राज शांडिल्य ने वरुण धवन को एक पटकथा सुनाने की बात का खुलासा किया था। फिल्म का शीर्षक था 'मस्कारा' और राज इसे खुद ही निर्देशित करने वाले थे। लेकिन, वरुण धवन की डेट डायरी में फिलहाल इस फिल्म की तारीखें दर्ज नहीं हैं।