कोपेनहेगन में डेनिश ओपन में पुरुषों की 800 मीटर फ्री स्टाइल तैराकी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के बाद आर माधवन के बेटे वेदांत माधवन की लगातार प्रशंसा हो रही है। प्रियंका चोपड़ा, कंगना रनौत से लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तक सभी ने अभिनेता, उनकी पत्नी सरिता और उनके 16 वर्षीय बेटे को स्वर्ण पदक जीतने के लिए बधाई दी। जिसके बाद प्रियंका चोपड़ा के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए आर माधवन ने उनको धन्यवाद कहा है।
प्रियंका चोपड़ा ने दी बधाई
वेदांत की जीत पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए प्रियंका चोपड़ा ने लिखा, 'वाह! बधाई हो @ वेदांत माधवन! यह एक अद्भुत उपलब्धि है! हमेशा पथ प्रदर्शक बने रहो! बधाई हो @ माधवन और सरिता।' उन्हें जवाब देते हुए, आर माधवन ने ट्विटर पर लिखा, 'वाह … बहुत-बहुत धन्यवाद... मुझे समझ में नहीं आ रहा कि क्या कहूं... हम बहुत उत्साहित हैं। भगवान की कृपा है...और आपको धन्यवाद @ प्रियंका चोपड़ा...आप सबसे अच्छी हैं।'
पिता ने ऐसे जताई खुशी
वेदांत के स्वर्ण पदक जीतने पर पिता आर माधवन ने भी ट्वीट कर बेटे की जीत की खुशी जाहिर की। आर माधवन ने अपने बेटे वेदांत की तस्वीर भी शेयर की, जिसमें वह अपने हाथ में गोल्ड मेडल लिए दिखाई दे रहे हैं। बेटे की तस्वीर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, बधाई हो, यह गोल्ड है, इंडिया के लिए।
अन्य अभिनेताओं ने दी बधाई
शिल्पा शेट्टी ने सोमवार देर रात ट्वीट कर वेदांत को बधाई दी। इसके अलावा जेनेलिया देशमुख ने भी आर माधवन को ट्विटर पर बधाई दी। उन्होंने लिखा, 'बधाई हो @ वेदांत माधवन यह अद्भुत और प्रेरणादायक है। सरिता और आपको बहुत बधाई। @ एक्टर माधवन... आपको बहुत गर्व होना चाहिए।