अक्सर अपनी राजनीतिक टिप्पणियों से सुर्खियां बटोरने वाले अभिनेता प्रकाश राज फिल्मों में भी लगातार दमदार भूमिकाएं निभा रहे हैं। अब अभिनेता ने अजय देवगन स्टारर ‘दृश्यम 3’ की शूटिंग पूरी कर ली है। प्रकाश राज ने खुद इसकी जानकारी एक पोस्ट के जरिए फैंस के साथ शेयर की है।
प्रकाश राज ने खत्म की शूटिंग
प्रकाश राज ने अपने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा की है। इसमें प्रकाश राज दूसरी तरफ मुंह किए खड़े हैं और उनकी बैकसाइड नजर आ रही है। वो एक ऑफिस में खड़े नजर आ रहे हैं। साथ ही तस्वीर में ‘दृश्यम 3’ लिखा हुआ क्लैपबोर्ड भी नजर आ रहा है।
इस तस्वीर को साझा करने के साथ ही प्रकाश राज ने कैप्शन में लिखा, ‘दृश्यम 3 हिंदी, एक शानदार टीम के साथ शूटिंग पूरी की। इस फिल्म का हिस्सा बनकर बहुत अच्छा लगा और मजा आया। मुझे यकीन है कि आपको भी यह पसंद आएगी। अब अगली फिल्म की ओर।’
फिल्म 'दृश्यम 3'
- फोटो : सोशल मीडिया
2 अक्तूबर को रिलीज होगी ‘दृश्यम 3’
अभिषेक पाठक द्वारा निर्देशित ‘दृश्यम 3’ इस ट्रिलॉजी की तीसरी फिल्म है। इससे पहले इसके दो पार्ट आ चुके हैं और दोनों को ही दर्शकों ने काफी पसंद किया है। बॉक्स ऑफिस पर भी ये दोनों फिल्में सफल रही हैं। अब जब हाल ही में मोहनलाल की ओरिजिनल मलयालम ‘दृश्यम 3’ रिलीज हुई है और अभी सिनेमाघरों में बनी हुई है।
इसी बीच प्रकाश राज ने हिंदी वर्जन की शूटिंग पूरी करने की जानकारी दी है। हिंदी ‘दृश्यम 3’ भी इसी साल 2 अक्तूबर को रिलीज होगी। ‘दृश्यम’ फिल्म का 2 अक्तूबर से एक खास नाता है। ऐसे में मेकर्स जानबूझकर फिल्म को 2 अक्तूबर को ही लेकर आ रहे हैं।
इस फिल्म में अजय देवगन और प्रकाश राज के अलावा तब्बू, श्रिया सरन, इशिता दत्ता भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। ये कलाकार पहले पार्ट से ही फिल्म का हिस्सा हैं। वहीं इस बार फिल्म में जयदीप अहलावत के भी एक प्रमुख किरदार में नजर आने की चर्चाएं हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि जयदीप फिल्म में अक्षय खन्ना वाला किरदार निभाएंगे, जो अब फिल्म का हिस्सा नहीं हैं।