यथार्थ और समस्यापरक मुद्दों पर फिल्म बनाने के लिए जाने जाने वाले फिल्म निर्देशक प्रकाश झा की बेटी दिशा भी अब फिल्मों में सक्रिय होने जा रही है। प्रकाश की बेटी अपनी शुरुआत रोमांटिक फिल्मों से करेगी।
एक इंटरव्यू में इस बात का खुलासा करते हुए प्रकाश झा ने कहा कि उनकी बेटी दिशा आजकल फिल्मों का निर्देशन सीख रही हैं। उसकी चाहत फिल्म निर्देशक बनना है। उन्होंने कहा कि दिशा सिर्फ और सिर्फ रोमांटिक फिल्में ही बनाएगी। क्योंकि उसकी दिलचस्पी ऐसी ही फिल्मों में है।
प्रकाश झा ने कहा कि गंभीर फिल्में बनाने का कोटा वह खुद पूरा कर दे रहे हैं। इसलिए वह खुद भी चाहते हैं कि दिशा ऐसी फिल्में न बनाए। वह रोमांटिक फिल्म करे यही बेहतर होगा।
प्रकाश झा निर्देशित फिल्म सत्याग्रह 30 अगस्त को रिलीज होगी। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, अजय देवगन, अर्जुन रामपाल और मनोज बाजपेई की मुख्य भूमिका है।
प्रकाश झा एक बार फिर साफ किया है कि सत्याग्रह फिल्म अन्ना हजारे और लोकपाल मसले पर उनकी लड़ाई पर केंद्रित नहीं है। हालांकि यह फिल्म जबसे बननी शुरु हुई है तभी से इस बात की चर्चा है कि यह फिल्म अन्ना और अरविंद केजरीवाल पर केंद्रित है।