फिल्म आजाद का टीजर हाल ही में रिलीज हुआ था। इसके टीजर में अजय देवगन, डायना पेंटी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इस फिल्म में रवीना टंडन की बेटी राशा थड़ानी और अजय देवगन के भांजे अमन देवगन बॉलीवुड डेब्यू कर रहे हैं। यह अगले साल जनवरी में रिलीज होगी।
फिल्म आजाद से अमन देवगन और राशा थडानी अपने अभिनय करियर की शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हाल ही में निर्माताओं ने फिल्म आजाद का टीजर जारी किया था। एक्शन से भरपूर टीजर को देखकर प्रशंसक हैरान रह गए और बेसब्री से इसके रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं इसी बीच प्रभास ने भी आजाद के टीजर पर अपनी प्रतिक्रिया दी और फिल्म में नए कलाकारों का स्वागत किया।
विज्ञापन
प्रभास का सोशल मीडिया पोस्ट
अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर प्रभास ने आजाद का टीजर साझा किया और लिखा, "फिल्मों में आपका स्वागत है राशा और अमन #आजाद टीजर ऐसा लग रहा है, जैसे बड़े पर्दे के लिए ही बनाया गया है। टीम को मेरी शुभकामनाएं।" फिल्म में अमन और राशा के साथ अजय देवगन भी हैं। टीजर वीडियो की शुरुआत एक महिला की आवाज से होती है, जो वफादार घोड़े की कहानी कहती है। जैसे-जैसे वह आगे बढ़ती है, अजय देवगन के किरदार का परिचय होता है और फिर अमन देवगन का। बाद में हमने राशा की एक झलक भी देखी, जो किसी राजकुमारी जैसी दिखीं।
फिल्म आजाद
फिल्म आजाद के टीजर में घुड़सवार की कहानी दिखाई गई है। आजाद का पोस्टर शेयर करते हुए अजय देवगन ने लिखा, "कहानी यारी की। कहानी वफादारी की। कहानी, आजाद की। यह फिल्म सिनेमाघरों में जनवरी 2025 में रिलीज होगी। आजाद का निर्देशन अभिषेक कपूर ने किया है, जिन्हें काई पो चे, केदारनाथ, रॉक ऑन और चंडीगढ़ करे आशिकी जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। काम की बात करें तो प्रभास अपनी अगली बहुप्रतीक्षित फिल्म द राजा साहब और स्पिरिट में नजर आएंगे। इसके अलावा आज ही प्रभास की होम्बले फिल्म्स के साथ तीन फिल्मों को लेकर डील फाइनल हुई है, जिसमें सबसे पहले सालार 2 शामिल है।