मशहूर निर्देशक फरहाद सामजी अपना कॉमेडी शो 'पॉप कौन' लेकर आ रहे हैं। हाउसफुल 3, हाउसफुल 4 और एंटरटेनमेंट जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके फरहाद का यह शो ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉट स्टार पर आएगा। आज इसका टीजर जारी हुआ है। इसमें सौरभ शुक्ला और जॉनी लीवर मजेदार अंदाज में फिल्म 'पठान' का सीन रिक्रिएट करते नजर आ रहे हैं। साथ ही दोनों कॉमेडी एक्टर कपिल शर्मा की टांग खिंचाई करते नजर आए हैं।
'पठान' की तर्ज पर किया रिक्रिएट
अगर आपने शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' देखी है तो फिल्म के आखिर में दिखाया गया वह सीन तो याद होगा, जिसमें शाहरुख खान और सलमान खान सारी जिम्मेदारी युवा एक्टर्स को देने की चर्चा करते हैं। मगर, इस प्रक्रिया में सभी नाम रिजेक्ट करते हुए आखिर में कहते हैं, 'देश का सवाल है, बच्चों पर नहीं छोड़ सकते।' कुछ इसी तर्ज पर सौरभ शुक्ला और जॉनी कॉमेडी को लेकर चर्चा करते नजर आए हैं।
दिखा जबरदस्त अंदाज
डिज्नी प्लस हॉटस्टार के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर यह टीजर जारी किया गया है। इसमें देखा जा सकता है कि दोनों कॉमेडी एक्टर एक पुल पर बैठे हुए हैं। जॉनी कहते नजर आते हैं, 'अब नहीं होता यार। मैं कभी-कभी सोचता हूं कि 30 साल हो गए, अब छोड़ देना चाहिए।' इस पर सौरभ शुक्ला कहते हैं, 'अरे यार! छोड़ने से पहले बता दिया करो यार।' जॉनी कहते हैं, 'कॉमेडी की बात कर रहा हूं यार! पर हमारी जगह लेगा कौन?' सौरभ शुक्ला कहते हैं, 'वही, जो टीवी पर बुलाता है न लोगों को...' जॉनी कहते हैं, 'नही...वो नहीं दूसरा वाला कैसा रहेगा वो जबरदस्त है!' मगर, सहमति न बनने के बाद जॉनी लीवर कहते हैं, 'देश की कॉमेडी का सवाल है यार, बच्चों पर नहीं छोड़ सकते हैं। हमें ही कुछ करना होगा।'
लिखा मजेदार कैप्शन
इस टीजर को साझा करते हुए कैप्शन में लिखा है, 'कुर्सी की पेटी बांध लीजिए, मौसम बिगड़ने नहीं, कॉमेडी होने वाला है!' बता दें कि यह कॉमेडी शो यह सीरीज यम प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित है। इस शो के अलावा फरहाद सामजी सलमान खान की आगामी फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' को लेकर भी व्यस्त हैं। इस फिल्म का निर्देशन सामजी कर रहे हैं।