निर्माता-निर्देशक पूजा भट्ट जल्द ही समलैंगिकों पर एक गंभीर फिल्म बना सकती हैं। पूजा भट्ट ने यह ख्वाहिश ट्विटर पर दिखाई है। पूजा ने लिखा है कि यह कष्ट का विषय है कि हिंदी फिल्मों में समलैंगिकों का चित्रण सिर्फ हास्य के लिए होता है।
समलैंगिक सिर्फ हास्य का विषय नहीं हो सकते। हाल ही में रिलीज हुई करण जौहर की फिल्म स्टूडेंट्स ऑफ द ईयर का जिक्र करते हुए पूजा ने कहा कि इस फिल्म में ऋषि कपूर की भूमिका को देखकर उन्हें बड़ा अफसोस हुआ। हिंदी फिल्मों में समलैंगिकों की इमेज लगातार हंसी के पात्र के रूप में बनाई जा रही हैं। यह स्थिति बदलनी होगी। उन्होंने कहा कि फिल्मों में समलैंगिकों का चित्रण उसी गरिमा के साथ होना चाहिए जिसके वह हकदार हैं।
केवल हंसी के उद्देश्य से समलैंगिकों के चित्रण को देखते-देखते थक गई हूं। पूजा भट्ट की सौतेली बहन आलिया ने फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द इयर' से अपने फिल्मी कैरियर की शुरुआत की है। इस फिल्म में ऋषि कपूर को समलैंगिक की भूमिका में दिखाया गया है।