1994 में कान फिल्म महोत्सव में प्रदर्शित होने के बाद दुनियाभर में प्रसिद्ध हुई शेखर कपूर निर्देशित फिल्म ‘बैंडिट क्वीन’ के 25 साल बाद फूलन देवी की कहानी अब वेब सीरीज के जरिए सामने होगी। निर्माता बॉबी बेदी डकैत से सांसद बनी फूलन देवी के जीवन और मृत्यु पर 20 एपिसोड की वेब सीरीज बनाने को तैयार हैं।
‘फूलन देवी’ टाइटल से बनने वाली इस सीरीज का निर्देशन तिग्मांशू धूलिया करेंगे और तनिष्ठा मुखर्जी मुख्य भूमिका में होंगी। धूलिया बैंडिट क्वीन के कास्टिंग निर्देशक भी थे। 25 साल पहले बैंडिट क्वीन में मुख्य भूमिका निभाकर तारीफ बटोरने वाली सीमा बिस्वास की तरह तनिष्ठा भी नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) से पढ़ी हैं।
72वें कान फिल्म महोत्सव के दौरान बॉबी बेदी ने बताया कि बेव सीरीज का निर्माण कुछ महीनों में शुरू हो जाएगा। यह 10-10 एपिसोड के साथ दो सीजन में जारी होगी। पहला सीजन फूलन की आठ साल की कैद पर आधारित होगा। दूसरे सीजन में उसकी रिहाई के बाद की कहानी होगी। बेदी का कहना है कि उनकी वेब सीरीज ‘बैंडिट क्वीन’ से अलग होगी।