न्यूयॉर्क इंडियन फिल्म फेस्टिवल में तारीफें बटोरने वाली निर्देशक ब्रह्मानंद सिंह की फिल्म झलकी का ट्रेलर कान फिल्म फेस्टिवल में तमाम अंतरराष्ट्रीय मीडिया, फेस्टिवल आय़ोजको और कारोबारियों के बीच रिलीज किया गया। कान फिल्म फेस्टिवल में आधिकारिक श्रेणियों के अलावा भी फिल्में दिखाई जाती हैं और यहां तमाम फिल्ममेकर्स अपनी फिल्मों के अंतर्राष्ट्रीय खरीदाद ढूंढने के लिए भी उन्हें यहां रिलीज करते हैं। झलकी के कान में प्रदर्शन के दौरान फिल्म के निर्देशक के अलावा इसकी सह निर्देशक तनवी जैन और अभिनेत्री तनिष्ठा चटर्जी खासतौर से यहां मौजूद रहीं।
फिल्म झलकी के ट्रेलर को कान फिल्म फेस्टिवल में भी लोगों ने काफी सराहा है। फिल्म में एक लड़की की अपने भाई को तलाशने की कहानी है। न्यूयॉर्क फिल्म फेस्टिवल के अलावा ये फिल्म इसी साल बोस्टन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का भी हिस्सा बन चुकी है।
आरती झा, गोरक्षा सकपाल, बोमन ईरानी, संजय सूरी, दिव्या दत्ता, तनिष्ठा चटर्जी और गोविंद नामदेव जैसे कलाकारों से सजी ये फिल्म भारत में इसी साल रिलीज होने वाली है।फिल्म के ट्रेलर को मिले रेस्पॉन्स से झलकी के निर्देशक ब्रह्मानंद काफी उत्साहित हैं। वह कहते हैं, ‘कान फिल्म फेस्टिवल में झलकी के ट्रेलर को मिली शाबासी से हम सब का हौसला और बढ़ गया है।
फिल्म के साथ जुड़ने के लिए तमाम अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल के आयोजकों ने हमसे यहां संपर्क किया। भारतीय सिनेमा को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर स्थापित करने की झलकी एक छोटी सी कोशिश हैं और मुझे उम्मीद है कि जब ये फिल्म भारत में रिलीज होगी तो सभी को जरूर पसंद आएगी।’