रिलीज होने से पूर्व ही बॉलीवुड की चर्चित फिल्म ‘जिला गाजियाबाद’ पर संकट के बादल छा गए हैं। सामाजिक संस्था ‘रसम’ के राष्ट्रीय संयोजक संदीप त्यागी ने अपने अधिवक्ता दीपचंद चावरिया और अनिल कश्यप के माध्यम से फिल्म का नाम बदलने को कोर्ट में अर्जी दी है। सोमवार को इस अर्जी पर बहस होनी है।
अधिवक्ता दीपचंद चावरिया का कहना है कि गाजियाबाद जिला प्रदेश को सबसे ज्यादा राजस्व देने वाला जिला है। आजादी की पहली लड़ाई भी गाजियाबाद में ही लड़ी गई। इस जिले के कई गांव के लोगों ने आजादी के लिए अपना बलिदान दिया है।
जबकि भरत शाह और विनोद बच्चन ने जिला गाजियाबाद नामक जो फिल्म बनाई है, उसमें गाजियाबाद की छवि को धूमिल किया है। उन्होंने गाजियाबाद को एक आपराधिक शहर दर्शाया है।
अर्जी में निर्माता-निर्देशक के अलावा अभिनेता अरशद वारसी, संजय दत्त और विवेक ओबेराय के खिलाफ भी कार्यवाही किए जाने की मांग की गई है। यह फिल्म 22 फरवरी को रिलीज हो रही है।