गायक अभिजीत एक बार फिर विवादों में हैं। दरअसल, चेन्नई में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की हत्या के बाद अभिजीत ने अपने ट्वीटर अकाउंट पर मामले को लव-जिहाद का बताया था। इसपर महिला पत्रकार समेत अन्य लोगों ने अभिजीत को सलाह दी थी कि वह सांप्रदायिक उन्माद न भड़काएं। इसी बात पर अभिजीत की ट्वीटर पर बहस होने लगी और बहस के दौरान उन्होंने स्वाति चतुर्वेदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। स्वाति ने अभीजित के खिलाफ दिल्ली के वसंत विहार थाने में शिकायत दर्ज करायी है।
इस पूरे विवाद पर मिड-डे को दिए गए इंटरव्यू में अभिजीत ने कहा कि मैंने ट्विटर पर 'जस्टिस फार स्वाति' ट्रेंड चलाया था जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वास्तव में मैं बहुत खुश हूं कि ये इतना बड़ा मुद्दा बना। लेकिन कुछ तथाकथित पत्रकारों हैं जो पैसे लेकर मुद्दों को आगे बढ़ाते हैं। इन्हें भारत का नाम खराब करने के लिए पैसे दिए जाते हैं।
मैं ट्विटर पर पिछले कुछ दिनों से ट्राल किया जा रहा था। शुरुआत में तीन लोग थे जो मुझे ट्राल कर रहे थे लेकिन फिर बाद में कुछ इसमें पाकिस्तानी भी शामिल हो गए। मैंने इन लोगों को जवाब दिया, यह कहते हुए कि मुझे ब्लॉक मत करना। मैंने दो बार ट्वीट किया और फिर मैं ब्लाक कर दिया गया। ब्लॉक, ब्लॉक, ब्लॉक। तभी मैंने फैसला किया कि अब इन लोगों को एक करारा थप्पड़ की जरूरत है।