परिणीति चोपड़ा ने दीदी प्रियंका चोपड़ा से एक्टिंग की तो प्रेरणा ली ही है, वे अब गायन के क्षेत्र में भी उपस्थिति दर्ज करना चाहती हैं। जब से पीसी की पॉप गायन की धूम मची है, तब से परिणीति के दिल में भी हसरत पैदा हुई है कि वे भी एक्टिंग के साथ सिंगिंग के क्षेत्र में भी अपना लक आजमाएंगी।
हालांकि बात नकलची बनने की नहीं है। परिणीति ने बाकायदा शास्त्रीय संगीत की ट्रेनिंग ली है। वे आगरा घराने की ट्रेंड क्लासिकल गायिका हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने क्लासिकल म्यूजिक में ही बी.ए.ऑनर्स भी किया है। वे शास्त्रीय संगीत के अलावा गजल से लेकर पॉप तक हर विधा में गा सकती हैं।
हां, उन्हें एक बात का जरूर मलाल है कि वे न तो म्यूजिक कंपोज कर सकती हैं और न ही अपने गाने खुद लिख सकती हैं। जब कि दीदी प्रियंका की डायरी उनके खुद के लिखे गीतों से भर चुकी है।
पीसी अंग्रेजी में भी गाने लिखती हैं और हिंदी में भी। फिलहाल परिणीति का दीदी से कोई कॉम्पटीशन नहीं है। वे तो अपनी किसी फिल्म में खुद के लिए गीत गाने के लिए भी तैयार हैं।