परिणीति चोपड़ा ने ट्विटर पर घोषणा की कि साल भर खाली बैठने के बाद उन्हें आखिर फिल्म मिल गई है। फिल्म उनमें टैलेंट देखने वाले यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनेगी। यशराज के सर्वेसर्वा आदित्य चोपड़ा और परिणीति के कथित बॉयफ्रेंड मनीष शर्मा फिल्म के प्रोड्यूसर हैं।
पिछले साल दम लगा के हइशा से अपना डूबता करिअर बचाने में कामयाब आयुष्मान खुराना परिणीति के हीरो होंगे। सूत्रों की मानें तो दम लगा के हइशा की तर्ज पर यह फिल्म भी 1980-90 के जमाने की होगी, जब फिल्मों के वीडियो कैसेट होते थे और लोग मोबाइल पर बात करने के लिए सामने वाले को अक्सर मिस्ड कॉल दिया करते थे!
सूत्र बता रहे हैं कि परिणीति के लिए इस फिल्म की योजना बड़ी मुश्किल से बनी। एक के बाद एक तीन फ्लॉप फिल्मों (शुद्ध देसी रोमांस, दावत-ए-इश्क, किल दिल) ने परिणीति को सुपरफ्लॉप बना डाला। उनके तुनक मिजाज स्वभाव की वजह से बाहर भी उन्हें कोई काम नहीं दे रहा था। फिर कथित मोटापे को लेकर खुद परिणीति आत्मविश्वास की कमी का शिकार थीं। इन हालात में कोई आधा दर्जन फिल्में उनके हाथ से निकलीं।