यूं तो अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन के इर्द-गिर्द घूमने वाली इस बायोपिक की अनाउंसमेंट इसी साल 28 जून को हुई थी। लेकिन, उस समय फिल्म की स्टारकास्ट की जानकारी पब्लिक नहीं की गई थी। वहीं अब मेकर्स ने न केवल फिल्म में पंकज त्रिपाठी की मौजूदगी का एलान किया है, बल्कि फिल्म की रिलीज डेट से जुड़ी जानकारी भी साझा की है। बताया जा रहा है कि रवि जाधव के निर्देशन में बन रही यह फिल्म अगले साल क्रिसमस पर रिलीज हो सकती है।
इस मौके पर पंकज त्रिपाठी कहते हैं, "ऐसे मानवीय राजनेता को पर्दे पर चित्रित करना मेरे लिए सम्मान की बात है। वह न केवल एक राजनेता थे, बल्कि उससे कहीं अधिक, वह एक उत्कृष्ट लेखक और एक प्रसिद्ध कवि थे। उनके नक्शे कदम पर चलना मेरे जैसे अभिनेता के लिए किसी सौभाग्य से कम नहीं।"
वहीं निर्देशक रवि जाधव कहते हैं, "एक निर्देशक के रूप में मैं डायरेक्ट करने के लिए अटलजी की कहानी से बेहतर कोई और कहानी नहीं मांग सकता। सबसे बड़ी बात यह है कि अटलजी की कहानी को स्क्रीन पर लाने के लिए मेरा साथ पंकज त्रिपाठी जैसे एक अनुकरणीय अभिनेता दे रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि मैं लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरूंगा।"