ऑस्कर 2024-फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया
- फोटो : सोशल मीडिया
'ऑस्कर 2024' पुरस्कार समारोह में भारत की तरफ से भेजी जाने वाली आधिकारिक प्रविष्टि की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। भारत के सभी प्रमुख फिल्म संघों की मूल संस्था 'फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया' ने बीते दिनों भारत की प्रविष्टि के लिए फिल्में प्राप्त करने के लिए आवेदन की घोषणा की। इसकी शुरुआत 15 अगस्त को हुई और यह 10 सितंबर को शाम छह बजे तक जारी रहेगी। सभी स्क्रीनिंग पूरी होने के बाद अंतिम प्रविष्टि का निर्णय वोट द्वारा किया जाएगा और 27 सितंबर 2024 को इसकी घोषणा की जाएगी।
जल्द होगी जूरी के नाम की घोषणा
एफएफआई के अध्यक्ष श्री रवि कोट्टाराकारा आने वाले दिनों में जूरी की टीम के साथ जूरी के अध्यक्ष के नाम की घोषणा करेंगे। श्री कोट्टाराकारा ने कहा, 'भारत फिल्मों और मनोरंजन के क्षेत्र में एक और अद्भुत वर्ष की ओर बढ़ रहा है और हमें गर्व है कि भारतीय फिल्में प्रतिष्ठित ऑस्कर सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्लेटफार्मों पर अपनी छाप छोड़ रही हैं। हम रचनात्मक दुनिया के बीच से एक रोमांचक जूरी पेश करने के लिए उत्साहित हैं। जूरी उस फिल्म का चयन करेगी जो इस साल ऑस्कर में भारत की प्रविष्टि होगी।'