अभिनेत्री नुसरत भरूचा उस समय अचानक सुर्खियों में आ गईं, जब विराट कोहली की आरसीबी के आईपीएल जीतते ही उन्होंने एक स्टोरी साझा की। उनकी ये इंस्टाग्राम स्टोरी देखते-देखते ही वायरल हो गई। स्टोरी में दिख जरूर आरसीबी की जीत रही थी, लेकिन पीछे आ रही आवाजों ने सुर्खियां बटोरीं और स्टोरी को वायरल कर दिया। इसके बाद इस पर नुसरत को लेकर तरह-तरह के रिएक्शन आने लगे। अब नुसरत भरूचा ने इस वायरल स्टोरी पर पहली बार प्रतिक्रिया दी है और पूरे मामले पर चुप्पी तोड़ी है।
एक पप्पी के रोने से इतना बवाल मचा दिया
नुसरत ने फिर से वो ही वीडियो अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किया। इसके साथ उन्होंने लिखा, ‘फिर से पोस्ट कर रही हूं, क्योंकि मैं जानना चाहती हूं कि मेरे पप्पी (छोटे कुत्ते) की आवाजों से क्या दिक्कत है और क्यों इतना बवाल मचा है। कुछ लोगों ने हद ही कर दी है।
एक पप्पी के रोने की आवाज से इतना बवाल मचा दिया। फिर किसी ने मेरी ओर से फर्जी स्पष्टीकरण भी साझा कर दिया। सच ये है कि मैं अपनी एक दोस्त के यहां मैच देख रही थी और वहां एक पप्पी पीछे रो रहा था, जिसकी आवाजें आ रही थीं। यह वीडियो मेरी दोस्त ने उसी समय बनाया।’
नुसरत ने बताई कुत्ते की आवाज
बीते दिन इस घटना के बाद नुसरत सार्वजनिक रूप से नजर आईं, लेकिन इस दौरान भी वो पैपराजी से बचती दिखीं। अब उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर कई स्पष्टीकरण दिए हैं, जिनमें उस कमरे का एक वीडियो भी शामिल है, जहां कथित तौर पर वह उस दिन मैच देख रही थीं।
उन्होंने लिखा, ‘यह वही घर है जहां मैं मैच देख रही थी। यह मेरा पप्पी (छोटा कुत्ता) है। यह उसी रात का कुछ देर बाद का वीडियो है। मुझे डर था कि शायद कुछ हो गया होगा, इसलिए मुझे वह वीडियो डिलीट करने की सलाह दी गई और मैंने कर दिया।
आप लोग अपने बेबुनियाद विचारों पर काबू रखें। मोबाइल फोन होने से उत्पीड़न का अधिकार नहीं मिल जाता। गलत मतलब न निकालें और आंख बंद करके किसी भी बात को सच न मान लें। सोच-समझकर और जिम्मेदारी से काम लें।