वीर दास अब बदले-बदले अंदाज में दिखेंगे। उनका यह लुक उनकी आने वाली फिल्म के लिए होगा।
हिंदी फिल्मों में शुरू से अंत तक सूटेड-बूटेड हीरो कम ही देखने को मिलते हैं। लेकिन 18 जुलाई को रिलीज होने जा रही फिल्म ‘अमित साहनी की लिस्ट’ में वीर दास ऐसे हीरो बने हैं जो सूट के बिना कहीं दिखाई देना पसंद नहीं करता। अतः उन्होंने फिल्म में ढेर सारे सूट पहने हैं।
असल में फिल्म में वीर एक ऐसे इन्वेस्टमेंट बैंकर बने हैं, जो सूट-बूट का दीवाना है। वह बहुत करीने से रहता है और उसे अस्त-व्यस्त होना जरा भी पसंद नहीं है। वह बहुत सफाई पसंद है। बीमार होने की हद तक।
फिल्म से जुड़े सूत्रों के अनुसार वीर दास का अमित साहने वाला रोल हॉलीवुड फिल्म ‘हाऊ आई मैट योर मदर’ के बार्ने स्टिनसन (नील पैट्रिक हैरिस) के किरदार से प्रेरित है। वैसे बताया यह भी जा रहा है कि वीर का यह किरदार असल जिंदगी में उनके साले से प्रेरित है। खुद वीर के अनुसार, ‘मेरे ब्रदर-इन-लॉ इन्वेस्टमेंट बैंकर हैं और बहुत सूटेड-बूटेड रहते हैं।
वह अपनी तमाम चीजों के प्रति बहुत ही सजग हैं और हर चीज बहुत करीने से रखते हैं। उनकी कोई चीज यहां की वहां नहीं होती। यहां तक कि टाई की नॉट बांधने से लेकर हेयर-कट तक का उनका अपना खास अंदाज है। मेरे ठीक उलट वह बहुत सफाई पसंद हैं।’
वीर बताते हैं कि उन्होंने अपने अमित साहनी के किरदार को तैयार करने में इन सज्जन से बहुत प्रेरणा ली है। इस रोल की तैयारी के लिए वीर हर हफ्ते के आखिर में उनके घर पहुंच जाया करते थे ताकि उन्हें देख कर उनकी आदतें और अंदाज को अपना सकें। निर्देशक अजय भूयन की इस फिल्म में वेगा तमोतिया, अनिंदिता नायर और कवि शास्त्री भी हैं।