एक तरफ तो नवाजुद्दीन सिद्दिकी अपने अभिनय से प्रशंसकों का दिल जीत रहे हैं, वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो उनकी प्रतिभा से जल-भुन कर उल्टी-सीधी टिप्पणियां करने में लगे हैं।
कई ऐक्टरों को निशाना बनाने के बाद इन दिनों नवाज को सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर निशाना बनाया जा रहा है। ट्विटर हैंडल है, गरीब आदमी। इस हैंडल पर नवाज के लुक और उनकी कई फिल्मों में छोटी-छोटी भूमिकाओं का मजाक उड़ाया जा रहा है।
ऐसा नहीं है कि नवाज को यह नहीं मालूम। मीडिया में जब उनसे इस मामले में राय चाही गई तो उन्होंने कहा, ‘हां, मैं गरीब आदमी हूं। वो लोग मुझे हत्यारा तो नहीं कह रहे, जो मैं शर्मिंदगी महसूस करूं। वैसे यह हैंडल जिस भी आदमी के दिमाग की उपज है उसे ऐसी टिप्पणियां करते हुए, चुटकुले गढ़ते हुए शर्मिंदा होना चाहिए।’
नवाज उत्तर प्रदेश के एक गरीब किसान परिवार से हैं और उनका परिवार आज भी वहीं रहता है। नवाज मजाक उड़ाने वालों को कड़ा जवाब भी दे रहे हैं।
उनका कहना है, ‘अगर मैं गरीब हूं तो क्या, हर किसी का एक अतीत होता है। हम लोग गरीब थे, लेकिन अब मैं जिंदगी को बेहतर बनाने का प्रयास कर रहा हूं। वे लोग मुझे चाहे जो कह सकते हैं, लेकिन मेरी प्रतिभा पर कैसे सवाल खड़े कर सकते हैं?’
बदलापुर के बाद इस साल नवाज फिल्म रईस में शाहरुख खान, फिल्म बजरंगी भाई जान में सलमान खान के साथ और फिल्म फर्जी में शाहिद कपूर के साथ नजर आ सकते हैं। इन दिनों फिल्म लंचबॉक्स के लिए भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्हें तारीफें मिल रही हैं।