नए साल के जश्न को कोई सितारा अकेले मनाएगा तो कोई पेयर में। जानिए कैसा होगा इनका नया साल।
फिल्मी सितारे भले ही फिल्मों को प्रमोट करने के लिए देश भर में घूमें, जश्न मनाने की बारी आती है तो विदेश जाना पसंद करते हैं। इधर नया साल दस्तक देने को है और सितारों ने अपने परिजनों के साथ क्रिसमस मनाने के बाद विदेश की फ्लाइटें पकड़ना शुरू कर दी हैं।
गुरुवार को रणबीर कपूर और कैटरीना कैफ ने उड़ान भरी। दोनों अलग-अलग दस मिनट के अंतराल से मुंबई के इंटरनेशनल हवाई अड्डे पहुंचे थे। कैट ‘धूम-3’ की सफलता से बहुत खुश हैं और जोरदार पार्टी के मूड में हैं।
गुरुवार को ही सैफ अली खान भी अपनी पत्नी करीना कपूर खान के साथ स्विट्जरलैंड निकल गए। इमरान खान भी अपनी गर्भवती पत्नी के साथ इस बार नए साल का स्वागत विदेश में कर रहे हैं। दोनों ने गुरुवार को उड़ान भरी। इमरान लंबे समय से पत्नी के लिए लंबी छुट्टी लेने की बात कह रहे थे।
महेश भट्ट की नई नई स्टार बनी बेटी आलिया भट्ट भी पहली बार अपने दोस्तों के साथ विदेश में नया साल मनाने निकल गई हैं। वह दुबई पहुंची हैं। जहां निर्माता करन जौहर और ड्रेस डिजाइनर मनीष मल्होत्रा पहले से मौजूद हैं।
शाहरुख खान और गौरी खान भी इस साल दुबई में ही नए साल का जश्न मना रहे हैं। अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन अपनी बेटी के साथ पहले ही दुबई पहुंच चुके हैं।