भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव
- फोटो : सोशल मीडिया
गोवा में 20 नवंबर से शुरू होने वाले भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 50वें संस्करण को यादगार बनाने में केंद्र सरकार और गोवा सरकार कोई कसर नहीं छोड़ रही है। इस स्वर्ण जयंती महोत्सव को पहले से अधिक यादगार और शानदार बनाने के लिए इसमें कुछ नए सेक्शन को शामिल किया जा रहा है जिसमें सबसे अहम है इस महोत्सव के दौरान होने जा रहा तमाम कालजयी मूक फिल्मों का प्रदर्शन। खास बात ये है कि इन मूक फिल्मों के प्रदर्शन के दौरान ब्रिटेन के मशहूर पियानिस्ट जॉनी बेस्ट लाइव म्यूजिक परफॉर्म करेंगे।
मूक फिल्मों के सेक्शन में जिन फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा, उनमें रूस के महान फिल्मकार और मोंटाज एडिटिंग के पुरोधा माने जानेवाले की सरजेई एम. इंस्टीन की फिल्म बैटलशिप पोटेमकिन, जर्मन फिल्मकार जी. बी. पाब्स्ट की फिल्म पैंडोरास बॉक्स और सस्पेंस फिल्मों के लिए मशहूर रहे निर्देशक अल्फ़्रेड हिचकॉक की फिल्म ब्लैकमेल शामिल हैं। इन फिल्मों का प्रदर्शन 22, 23 और 24 नवंबर को किया जाएगा।
महोत्सव में इस बार जिन दिलचस्प सेंगमेंट का आयोजन किया जा रहा है, उनमें ऑस्कर रेट्रोस्पेक्टिव, डाक्यूमेंट्री और शॉर्ट फ़िल्मों का सेक्शन, वर्ल्ड पेनोरेमा, गोल्डन जुबिली रेट्रोस्पेक्टिव, होमेज और रेस्टोर की गईं भारतीय क्लासिक फ़िल्मों से संबंधित सेगमेंट शामिल हैं। 20 नवंबर से शुरू होने वाला ये फिल्मोत्सव 28 नवंबर तक चलेगा।