बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी के मुताबिक उन्होंने पहले कभी नहीं सोचा था कि राजकुमार हिरानी एक दिन इतने बड़े फिल्मकार बन जाएंगे। हिरानी की फिल्म मुन्ना भाई एमबीबीएस में छोटी सी भूमिका निभा चुके सिद्दीकी ने हिरानी की तारीफ करते हुए कहा कि एक दिन उनकी गिनती दुनिया के महान कलाकारों में होगी।
गौरतलब है कि हिरानी ने कुछ दिन पहले कहा था कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि देखते ही देखते नवाजुद्दीन इतने बड़े स्टार बन जाएंगे। इस बारे में पूछे जाने पर नवाजुद्दीन ने कहा मैंने अखबार में अपने बारे में दिए गए हिरानी के बयान को पढ़ा था। मैंने उनकी फिल्म मुन्ना भाई एमबीबीएस में एक छोटा सा रोल कर चुका हूं। जब मैंने उनके साथ काम किया था तो वह बहुत ही शर्मीले हुआ करते थे, लेकिन आज प्रसिद्ध निर्देशक के रूप में उन्हें देखकर आश्चर्य होता है। उम्मीद करता हूं कि एक दिन उनकी गिनती केवल भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर के महान फिल्मकारों में होगी।